मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत लवेदी-भरेह मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने तत्परता से खोजा
इटावा। सिद्धपीठ मंदिर लखना में दर्शन करने आई एक महिला की चार वर्षीय पुत्री परिजनों से बिछड़ गई। सूचना मिलते ही इटावा पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका को महज एक घंटे के अंदर सकुशल खोजकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्ची के मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की तत्परता की सराहना की।पुलिस के अनुसार, शुक्रवार 16 अक्टूबर को एक महिला अपने बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सिद्धपीठ मंदिर, लखना में दर्शन करने आई थीं। इसी दौरान उनकी चार वर्षीय पुत्री मंदिर परिसर में परिजनों से बिछड़ गई। बालिका के लापता होने की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत थाना लवेदी/भरेह के मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने तत्काल तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए करीब एक घंटे के भीतर बालिका को सकुशल खोज निकाला और उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपनी बच्ची को सुरक्षित पाकर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।

