Headlines

इटावा में पिंक बूथ और क्यूआरटी का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण दिए निर्देश

इटावा। शारदीय नवरात्रि एवं आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने गुरुवार को थाना कोतवाली क्षेत्र में स्थापित पिंक बूथ और क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने महिला सुरक्षा, पुलिस की तत्परता और कानून-व्यवस्था से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पिंक बूथ के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महिला सुरक्षा एवं सहायता से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि महिलाओं और बालिकाओं की शिकायतों को संवेदनशीलता एवं गंभीरता से सुनते हुए उनका नियमानुसार त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के उपायों और उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया।
वहीं, क्यूआरटी के निरीक्षण के दौरान टीम की तत्परता और आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्यवाही की तैयारियों की समीक्षा की गई। पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई करें तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर बाबिता सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share