इटावा। शारदीय नवरात्रि पर्व के मद्देनजर जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने गुरुवार को कालीबाँह मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और सुरक्षित दर्शन-पूजन के लिए की गई व्यवस्थाओं को परखा।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने श्रद्धालुओं के आने-जाने के मार्गों, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और सुरक्षा संबंधी इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। भीड़ को देखते हुए पर्याप्त सतर्कता बरती जाए और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखी जाए।अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।प्रशासन और पुलिस का उद्देश्य नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।
कालीबाँह मंदिर पहुंचे डीएम और एसएसपी, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का लिया जायजा

