इटावा। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान फेज के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र स्थित वृद्धाश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों से आत्मीय संवाद कर उनका हालचाल जाना और उन्हें त्योहार की खुशियों में सहभागी बनाया।इस दौरान एसएसपी ने बुजुर्गों को उपहार सामग्री, मिठाई, फल, शॉल और पटाखे वितरित किए। पुलिस अधिकारियों की इस पहल से वृद्धजनों के बीच खुशी का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकारों का संदेश दिया गया।
मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के साथ-साथ समाज में संवेदनशीलता, जनसहभागिता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। वृद्धाश्रम में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस ने बुजुर्गों के साथ आत्मीय संबंध स्थापित करने और त्योहार की खुशियां साझा करने का प्रयास किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबीता सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर अवनीश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर/लाइन्स आयुषी सिंह, डब्ल्यूसीएसओ प्रभारी, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी के थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नवरात्रि पर वृद्धाश्रम पहुंचे एसएसपी, बुजुर्गों को उपहार, मिठाई, फल और शॉल देकर बांटीं खुशियां

