इटावा। पुलिस लाइन में मंगलवार को मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाली महिला पुलिसकर्मियों, चिकित्सकों, नगर निगम की महिला कर्मचारियों और बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस मॉडर्न स्कूल की बालिका हॉकी टीम का भी सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।कार्यक्रम में सदर विधायक सरिता भदौरिया, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सम्मानित प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता और सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।समारोह का उद्देश्य अपने कार्यक्षेत्र में निष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं के योगदान को प्रोत्साहित करना तथा समाज में महिला सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान महिला निरीक्षकों, महिला उपनिरीक्षकों, महिला पुलिसकर्मियों, चिकित्सकों और नगर निगम की महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले बच्चों का भी उत्साहवर्धन किया गया।
‘सशक्त नारी’ प्रस्तुति ने दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान पुलिस मॉडर्न स्कूल, की छात्राओं ने मिशन शक्ति पर आधारित ‘सशक्त नारी’ कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से महिला सुरक्षा, नारी सम्मान, आत्मनिर्भरता और महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। छात्राओं की प्रस्तुति ने बालिकाओं में आत्मविश्वास, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
पुलिस मॉडर्न स्कूल की बालिका हॉकी टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस पहल के माध्यम से बालिकाओं में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित किया गया। उन्हें खेल सहित जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़कर जनपद और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया।समारोह में महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।चिकित्सकों और नगर निगम की महिला कर्मचारियों के योगदान को भी सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का उदाहरण बताया गया।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीशचन्द्र, अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबीता सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध संतोष कुमार, क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मिशन शक्ति उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और बालिका हॉकी टीम को किया सम्मानित

