Headlines

मिशन शक्ति के तहत महिला पुलिसकर्मियों और एनसीसी कैडेट्स ने संभाली यातायात व्यवस्था

इटावा। मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत मंगलवार को पुलिस की ओर से महिला सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर अवनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों और एनसीसी की महिला कैडेट्स ने प्रमुख चौराहों पर यातायात संचालन में सहभागिता कर आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।कार्यक्रम के दौरान भरथना चौराहा, विजयनगर, डीएम चौराहा और शास्त्री चौराहा पर महिला पुलिसकर्मियों एवं एनसीसी कैडेट्स ने संयुक्त रूप से यातायात व्यवस्था संभालने में सहयोग किया। इस दौरान महिला कैडेट्स को यातायात नियमों, यातायात संचालन की प्रक्रिया और सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।पुलिस ने कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करने, उन्हें सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करने तथा नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमों के पालन की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर अवनीश कुमार सिंह, यातायात निरीक्षक संजय सिंह, उपनिरीक्षक सुबेदार सिंह सहित यातायात पुलिस, थाना सिविल लाइंस और थाना फ्रेंड्स कॉलोनी का पुलिस बल मौजूद रहा।

Please follow and like us:
Pin Share