Headlines

छात्राओं को गर्भाशय कैंसर से बचाव के प्रति किया जागरूक श्री सत्यनारायण समाज सेवा संस्थान ने एचपीवी वैक्सीन को लेकर की पहल

इटावा। अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में श्री सत्यनारायण समाज सेवा संस्थान ने श्री शीतल प्रसाद बालिका इंटर कालेज में गर्भाशय कैंसर को लेकर जागरूकता शिविर का आयोजन किया। इस बीमारी से बचाव के लिए लगाए जाने वाली वैक्सीन एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस वैक्सीन) के बारे में जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि डिप्टी सीएमओ एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा.सतेंद्र यादव ने छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन के बारे में विस्तार से बताया। सर्वाइकल कैंसर यानी गर्भाशय कैंसर से बचाव के लिए सरकार 14 साल पूरे करने वाली लड़कियों को निशुल्क लगवा रही है। बशर्तें वह15 साल की न हों। यह वैक्सीन जिला बच्चा अस्पताल तथा जिला महिला अस्पताल में निशुल्क लगाई जा रही है। जबकि निजी अस्पताल में यह करीब पांच हजार रुपये में लग रही है और दो बार लगवानी पड़ती है। छात्राएं एचपीवी वैक्सीन के बारे अपने घर में जरूर बताएं। जब भी इसे लगवाने जाएं घर वालों के साथ और उम्र का सर्टिफिकेट लेकर जाएं। जो 14 वां जन्मदिन मना चुकीं हैं, और 15 साल की नहीं हैं। एचपीवी वैक्सीन लगवाने पर बुखार नहीं आता है, यदि आता है तो घबराएं नहीं। संस्था की सचिव डा.ज्योति वर्मा ने छात्राओं से कहा कि वह अपने घर में एचपीवी वैक्सीन के बारे में जरूर बताएं। कहा कि संस्था बेटियों की वैक्सीन लगवाने में पूरी मदद करेगी। संस्था की सचिव ने मुख्य अतिथि डिप्टी सीएमओ का बैज लगाकर व प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत किया। प्रधानाचार्य सुमन यादव, शिक्षिका शिल्पा, जान स्नो इंडिया के जिला कोर्डीनेटर मो.शरीफ उपस्थित रहे। संचालन डा. ज्योति वर्मा ने किया।

Please follow and like us:
Pin Share