इटावा। विधान परिषद आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी एवं प्रदेश के शिक्षक कर्मचारी नेता हरि किशोर तिवारी ने रविवार को मधुवन वाटिका में प्रेस वार्ता कर सभी शिक्षक मतदाताओं से आगामी 23 अक्तूबर को होने वाले मतदान में उन्हें प्रथम वरीयता का वोट देकर विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समस्त शिक्षक समाज मेरा परिवार है, इसलिए उनका सम्मान और हित हमारे लिए सर्वोपरि है।
भाजपा के जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता एवं सदर विधायक सरिता भदौरिया की उपस्थिति में हुई प्रेस वार्ता में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष एवं हरि किशोर तिवारी ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इटावा जैसी छोटी जगह के व्यक्ति को विधान परिषद में अवसर देने के लिए मैं अपनी पार्टी के सभी नेताओं के प्रति कृतज्ञ हूं। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों के समक्ष अपनी आगामी प्राथमिकताओं एवं 15-सूत्रीय संकल्प पत्र की घोषणा करते हुए शिक्षकों और कर्मचारियों के मान-सम्मान व अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराया है। उन्होंने कहा कि “सशक्त शिक्षक, समृद्ध भारत” के उद्देश्य के साथ वित्तविहीन, माध्यमिक, सीबीएसई/आईसीएसई व सभी निजी विद्यालयों के शिक्षकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इनमें विशेष रूप से तदर्थ व वित्तविहीन शिक्षकों की सेवा शर्तों व आर्थिक स्थिति के मुद्दों को विधान परिषद में प्रमुखता से उठाना और मानदेय को महंगाई भत्ते के सूचकांक से जोड़ना। सरकारी व गैर-सरकारी शिक्षकों तक कैशलेस उपचार की सुविधा का विस्तार तथा शिक्षक स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन।
पुरानी पेंशन योजना की बहाली के लिए शासन स्तर पर निर्णायक पैरवी तथा एनपीएस का लाभ अंतिम शिक्षक तक पहुंचाना। सभी जनपदों में वेतन, पेंशन, व बोर्ड संबंधी समस्याओं के लिए सहायता केंद्र, टोल-फ्री हेल्पलाइन और 72 घंटे के भीतर शिकायत की स्थिति स्पष्ट करने की व्यवस्था शामिल है।
शिक्षकों के सम्मान और उनके हितों की रक्षा हमारा मुख्य संकल्प – हरि किशोर तिवारी

