Headlines

शाहगंज चौखर कुआं में निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, लगभग एक सैकड़ा मरीजों ने उठाया लाभ

इटावा। जनसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से शुक्रवार को मुहल्ला शाहगंज चौखर कुआं में एक निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के महिला, पुरुष, बच्चे एवं बुजुर्गों सहित लगभग एक सैकड़ा मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और आयुर्वेदिक परामर्श का लाभ प्राप्त किया।शिविर में अनुभवी आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. कमल कुमार ने मरीजों की समस्याओं को गंभीरता एवं धैर्यपूर्वक सुना। उन्होंने प्रत्येक मरीज की बीमारी एवं स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का गहन परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया तथा रोग के अनुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक दवाइयां वितरित कीं। शिविर में पाचन संबंधी रोग, जोड़ों का दर्द, त्वचा रोग, सर्दी-जुकाम, रक्तचाप, मधुमेह सहित विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित लोगों का परीक्षण किया गया।
क्षेत्रवासियों ने आयुर्वेदिक शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समाज के गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होते हैं। शिविर में पहुंचे मरीजों ने चिकित्सकीय सेवाओं और निःशुल्क दवा वितरण की प्रशंसा की तथा आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
शिविर को सफल बनाने में आयुर्वेदिक टीम के सदस्यों के साथ-साथ समाजसेवियों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम की व्यवस्था एवं संचालन में मुश्ताक मुल्ला, शारिक खान, इकबाल, शाहिद, ब्रह्मा, कन्हैया, सलीम, नूरे नजर, तकसीम, अजीम उल्ला, अफसर राइन, आमिर खान, ताहिर हुसैन एवं सलीम फैसल सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी ने मरीजों के पंजीकरण, व्यवस्था और दवा वितरण में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।आयोजकों ने बताया कि लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा का लाभ घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में अगला निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर शीघ्र ही मुहल्ला उझैदी एवं अकालगंज में आयोजित किया जाएगा, जहां क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
शिविर के सफल आयोजन से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ी है तथा लोगों में आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के प्रति विश्वास और उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से आगामी शिविरों का लाभ उठाने की अपील की है।

Please follow and like us:
Pin Share