Headlines

चंबल एवं ग्वालियर की धरा पर गूंजेगा श्रमण संस्कृति संस्कार शिविर का दिव्य घोष

मुरैना/ग्वालियर (मनोज जैन नायक) ग्रीष्मकालीन अवकाश में साधर्मी बंधुओं, माता बहनों एवं बच्चों को धार्मिक, नीतिगत संस्कार देने एवं अपनी संस्कृति से परिचित कराने के उद्देश्य से चम्बल एवं ग्वालियर संभाग में 26 मई से 02 जून तक संस्कार शिक्षण शिवरों का आयोजन किया जा रहा है ।
परम पूज्य आचार्य विद्यासागर जी महाराज के पावन आशीर्वाद एवं निर्यापक मुनि श्री सुधा सागर जी महाराज की मंगल प्रेरणा से श्री दिगंबर जैन श्रमण संस्कृति संस्थान के तत्वावधान में तथा भारतीय जैन मिलन शाखा क्रमांक 2 के अमूल्य सहयोग से “श्रमण संस्कृति शिक्षण शिविर” का भव्य शुभारंभ आज से संपूर्ण ग्वालियर में होने जा रहा है।
‎ आयोजित होने वाले सात दिवसीय इन शिविरों के माध्यम से संपूर्ण चम्बल एवं ग्वालियर धर्ममय एवं संस्कारमय वातावरण से अनुप्राणित होगा। शिविर के मुख्य प्रभारी विद्वत पंडित नवनीत जैन शास्त्री मुरैना एवं सह प्रभारी आशीष शास्त्री मवई के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में यह आयोजन संपन्न होने जा रहा है। ‎शिविर में श्री दिगंबर जैन श्रमण संस्कृति संस्थान से पधारे विद्वानों द्वारा बालक, युवा, महिला एवं पुरुष वर्ग को जैन दर्शन के अमूल्य सिद्धांतों का अध्ययन कराया जा रहा है। इसमें भाग-1,  भाग-2, तत्त्वार्थ सूत्र, द्रव्य संग्रह इत्यादि महान आगम एवं दार्शनिक ग्रंथों का सरल एवं प्रेरणादायी शैली में शिक्षण प्रदान किया जाएगा।
‎शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज में धर्म, संस्कार एवं अध्यात्म की चेतना जागृत करते हुए नई पीढ़ी को जैन दर्शन के सिद्धांतों एवं आगम ग्रंथों के अध्ययन से जोड़ना है। यह शिक्षण शिविर केवल ज्ञानार्जन का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मजागरण, संस्कार निर्माण एवं भारतीय आध्यात्मिक परंपरा के संरक्षण का एक पावन अभियान बनकर उभर रहा है।

Please follow and like us:
Pin Share