टीकमगढ़। माननीय मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं डीजीपी महोदय श्री कैलाश मकवाना द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर खुले में मांस विक्रय पर प्रतिबंध संबंधी जारी दिशा-निर्देशों के पालन में टीकमगढ़ पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष निगरानी एवं नियंत्रण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्वच्छता, यातायात व्यवस्था एवं नागरिक सुविधा बनाए रखना है।
यह अभियान पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन श्री मिथिलेश शुक्ला एवं उप पुलिस महानिरीक्षक छतरपुर रेंज श्री विजय खत्री के मार्गदर्शन में तथा पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में खुले में संचालित मांस, मछली एवं अंडा विक्रय गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें तथा स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इसी क्रम में दिनांक 22 मई 2026 को थाना लिधोरा पुलिस द्वारा स्थानीय प्रशासनिक अमले के साथ संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी उप निरीक्षक मनोज द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न विक्रय स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान खुले में विक्रय कर रहे संबंधित व्यापारियों को शासन के निर्देशों से अवगत कराते हुए तत्काल खुले विक्रय को बंद करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही भविष्य में नियमों के उल्लंघन की स्थिति में कठोर वैधानिक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई। आवश्यक प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई की गई।
टीकमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिबंधित गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध निरंतर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
🔷 टीकमगढ़ पुलिस — जनहित, स्वच्छता एवं कानून व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्ध

