इटावा -रिजर्व पुलिस लाइन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा तीन नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विवेचनाओं को अधिक तकनीकी, पारदर्शी एवं साक्ष्य-आधारित बनाए जाने के उद्देश्य से समस्त विवेचकों को 114 टैबलेट वितरित किए गए । इस पहल का उद्देश्य विवेचना में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के बेहतर संकलन, डिजिटल कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने एवं समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में नव – नियुक्त रिक्रूट आरक्षियों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं अन्य पुलिस अधिकारियों द्वारा संवाद स्थापित किया गया। इस दौरान रिक्रूट आरक्षियों की प्रशिक्षण प्रगति, समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की गई, तथा उन्हें उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न अभियानों, आधुनिक पुलिसिंग व्यवस्था, साइबर जागरूकता एवं जनसेवा से संबंधित विषयों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।इसके अतिरिक्त पुलिस लाइन इटावा में जनपद के समस्त अधिकारियों तथा थाना प्रभारियों/थानाध्यक्षों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई । बैठक में आगामी त्योहारों एवं कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने, लंबित एवं अनवर्कआउट प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण तथा अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु संचालित “जीरो फेटलिटी डिस्ट्रिक्ट”अभियान की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यकदिशा-निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा विकसित “यक्ष ऐप” के माध्यम से बीट सूचना संकलन एवं उस पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने के संबंध में भी विस्तृत समीक्षा की गई। समस्त थाना प्रभारियों/थानाध्यक्ष, उपनिरीक्षकों एवं आरक्षियों को यक्ष ऐप, ई-साक्ष्य, ZFD एवं MSK प्रणालियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।बैठक में समयबद्ध विवेचना निस्तारण, आमजन एवं जनप्रतिनिधियों के साथ संवेदनशील एवं सकारात्मक व्यवहार बनाए रखने तथा जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश्चन्द्र, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध संतोष कुमार सिंह एवं समस्त क्षेत्राधिकारीगण एवं अन्य अधि0/कर्म0गण उपस्थित रहे।
अपराध समीक्षा बैठक संपन्न एसएसपी ने विवेचकों को किए टैबलेट वितरण

