ग्वालियर। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) महिला विंग ने ‘‘मदर्स डे’’ की पूर्व संध्या पर महिला उद्यमियों के लिए विशेष कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में हॉर्टीकल्चर डिपार्टमेंट के सीनियर डवलपमेंट ऑफीसर सतीश त्यागी ने म.प्र. शासन की बागवानी के क्षेत्र में प्रस्तुत योजनाओं को बहुत ही सरल ढंग से महिला उद्यमियों को समझाया। उन्होंने कहा कि महिलाएं छोटे-छोटे उद्योग लगाकर जहां कार्य कर रही हैं वहीं बागवानी के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं और राज्य शासन आसानी से ऋण उपलब्ध कराती है एवं महिला उद्यमियों को सब्सिडी भी राज्य शासन की ओर से प्राप्त होती है। महिलाएं बागवानी के क्षेत्र में उद्यम स्थापित करें, हम भरपूर सहयोग करने के लिए तैयार हैं। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में कैट के संयुक्त अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, कोर सदस्य योगेश मित्तल भी उपस्थित थे।
कैट महिला विंग की प्रभारी निरुपमा मालपानी, श्रीमती कविता जैन, भारती महेश्वरी, ज्योति गोले ने अतिथियों का स्वागत किया। स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए श्रीमती निरुपमा मालपानी ने कहा कि कैट महिला विंग का उद्देश्य समाज में व्यवसाय और उद्योग के क्षेत्र में कार्य कर रही महिलाओं को मंच प्रदान करना है और हम निरंतर वर्कशॉप, प्रशिक्षण कार्यक्रम, छोटे-छोटे मेले उद्यमियों के लिए लगायेंगे ताकि वह लाभान्वित हो सकें। रीजनल चेयरमेन रश्मि अग्रवाल, बबीता डाबर, जया बाबरी, उपमा मालपानी, सविता गोयल, नीतू गुप्ता, मीरा विश्वकर्मा, डॉ. कृष्णा शर्मा ने हॉर्टीकल्चर के विषय में प्रश्न किये जिसका समाधान अतिथि के रूप में उपस्थित सतीश त्यागी ने किया। इस मौके पर कैट की नेशनल कन्वीनर बनाये जाने पर कविता जैन, महेश्वरी समाज की अध्यक्ष बनाये पर निरुपमा मालपनी एवं अन्य पदाधिकारियों का पुष्पहार से स्वागत और सम्मान किया गया। आभार प्रदर्शन रश्मि अग्रवाल ने माना।

