सैफई, इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ अजय सिंह ने प्रातः आपातकालीन एवं ट्रामा सेंटर में अपने निरीक्षण के दौरान रोगियों से संबंधित समस्याओं एवं उनके निदान के लिए ली जाने वाली आवश्यक कार्यों की समीक्षा की। आपातकालीन ओ0टी0 के औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्मिकों को रोगियों के प्रति संवेदनशील रहने एवं उनके उपचार में हर संभव मदद करने की सलाह दी। चिकित्सकों के उपस्थिति में कुलपति ने चिकित्सीय उपभोग में लाये जाने वाले सामग्रियों के उचित प्रबंधन एवं सरकार द्वारा दी जाने वाली हर योजनाओं को उचित कार्यान्वयन हेतु बल दिया। मरीजों को निशुल्क दवाएं एवं आयुष्मान भारत योजना के द्वारा निशुल्क इलाज करने पर संस्था की प्रतिबद्धता को दोहराया । कुलपति ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ आम जन मानस को निर्बाध मिलता रहे इसके लिए चिकित्सकों एवं अन्य कर्मचारियों को अपने काम के प्रति प्रेम एवं रोगियों के लिए सहिष्णु होने की आवश्यकता होगी। उन्होनें कहा कि चिकित्सा सेवाओं में आने वाले सभी कर्मचारी सेवादार की भूमिका में होते हैं और उनका यह नैतिक कर्तव्य होता है कि वे रोगियों एवं उनके तीमरादारों के प्रति सहज एवं संवेदनशील रहें।
ट्रामा सेंटर की सघन जांच में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और कमजोरियों को सुधारने के लिए कार्मिकों को संयुक्त रूप से काम करने के निर्देश दिए गये। अस्पताल की साफ सफाई एवं कैम्पस को स्वच्छ बनाये जाने पर ध्यान देने पर जोर दिया । अस्पताल की बुनियादी सुविधा को गति मिले इसके लिए कार्य स्थली पर अनुपस्थित रहने की प्रवृत्ति पर भी लगाम कसने और नहीं मानने वालों पर कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
कुलपति ने कहा कि समय से की गई सेवा से दुखी और परेशान व्यक्ति का मन प्रसन्न होता है और वह खुशी मन से वापस जाता है। विश्वविद्यालय की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए वह खुद निगरानी रखेंगे और मरीजों के हित में लिए गए सभी कार्यों का समय समय पर समीक्षा भी करते रहेंगे।
सैफई ट्रामा सेंटर का कुलपति ने किया औचक निरीक्षण दिये दिशानिर्देश

