ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट सरकार की स्वास्थ्य क्रांति का हिस्सा है – मंत्री श्री राकेश शुक्ला

भिण्ड 01 अप्रैल 2026/नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहगांव में नवीन ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर एसडीएम मेहगांव श्री नवनीत शर्मा, सीबीएमओ डॉ अनिल शर्मा, एसडीओपी मेहगांव सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने उपस्थित जनों को संबोधित कर कहा कि आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहगांव में नवीन ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का शुभारंभ हुआ है, यह यूनिट मेहगांव वासियों के लिए वरदान साबित होगी। अब यहां ब्लड को सुरक्षित रूप से स्टोर किया जा सकेगा, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को तत्काल रक्त उपलब्ध हो सकेगा।
मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने कहा, “ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता है। इस नई यूनिट से ब्लड स्टोरेज की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो जाएगी। इससे आपातकाल में मरीजों को जिला अस्पताल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।” उन्होंने बताया कि यूनिट में आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं, जो ब्लड को लंबे समय तक सुरक्षित रख सकेंगे। इससे दुर्घटना या बीमारी में त्वरित उपचार संभव होगा। इस यूनिट में 24×7 ब्लड स्टोरेज क्षमता होगी, जो मध्यप्रदेश सरकार की स्वास्थ्य क्रांति का हिस्सा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वैच्छिक रक्तदान में बढ़-चढ़कर भाग लें ताकि किसी जरूरत मंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सके।

Please follow and like us:
Pin Share