एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग, बायपास और फ्लाईओवर से बदलेगी ग्वालियर-चंबल की तस्वीर

नई दिल्ली/ग्वालियर। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट कर भिंड सहित ग्वालियर-चंबल संभाग में सड़क कनेक्टिविटी और आधारभूत संरचना के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर सहमति बनी, जिससे विशेष रूप से भिंड जिले के विकास को नई दिशा मिलेगी।

भिंड के लिए ऐतिहासिक पहल: NH-719 का 4-लेन उन्नयन का काम MPRDC से लेकर NHAI को दिया गया
बैठक में ग्वालियर–भिण्ड–इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-719) को 4-लेन में विकसित करने के महत्वपूर्ण निर्णय पर सहमति बनी। यह परियोजना लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग रही है। स्थानीय नागरिकों द्वारा सड़क की खराब स्थिति और दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को लेकर चिंता जताई जाती रही है।

इस पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस मार्ग के कार्य को तेज गति से पूर्ण कराने हेतु इसे MPRDC से हटाकर NHAI को सौंपने की पहल की, जिस पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सहमति प्रदान की। अप्रैल माह में DPR को स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ होगी और यह कार्य अब तेज गति से आगे बढ़ेगा, जिससे भिंड के हजारों लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।

प्रमुख एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं से भिंड को अप्रत्यक्ष लाभ
बैठक में ग्वालियर–आगरा एक्सप्रेस-वे (लगभग ₹4,822 करोड़) और ग्वालियर वेस्टर्न बायपास (लगभग ₹1,347 करोड़) जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से भिंड जिले की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी और दिल्ली-आगरा सहित प्रमुख शहरों तक पहुंच अधिक सुगम हो जाएगी।

इसके साथ ही ‘मध्य भारत विकास पथ’ एक्सप्रेस-वे (मुरैना से नागपुर) को ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के प्रमुख शहरों से जोड़ने के प्रस्ताव पर भी सकारात्मक विचार हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मिलेगा व्यापक विस्तार
बैठक में अशोकनगर क्षेत्र के अंतर्गत बांगला चौराहा–मुंगावली–चंदेरी–पिछोर मार्ग पर चंदेरी बायपास (लगभग 10 किमी) को 4-लेन में विकसित करने, गुना–अशोकनगर–चंदेरी (SH-54, लंबाई 114.70 किमी) को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने तथा गुना–देवास राष्ट्रीय राजमार्ग 46 पर टोल प्लाजा फतेहगढ़ के पास फ्लाईओवर निर्माण जैसे प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।

इसके साथ ही शिवपुरी शहर में यातायात सुधार हेतु फ्लाईओवर/अंडरपास एवं एलिवेटेड रोड (वायाडक्ट) निर्माण के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया, जिससे पूरे ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी।

ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगा विकास का लाभ
बैठक में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन पर भी चर्चा हुई। इनमें शिवपुरी जिले के पिछोर क्षेत्र में भितरगवां से न्यागांव होते हुए विभिन्न गांवों को जोड़ने वाला लगभग 45 किमी मार्ग, अशोकनगर जिले के मुंगावली क्षेत्र में लगभग 47 किमी सड़क उन्नयन, चंदेरी क्षेत्र में लगभग 22.5 किमी सड़क निर्माण तथा गुना जिले के बमोरी क्षेत्र में लगभग 42 किमी सड़क चौड़ीकरण शामिल है।

इन परियोजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और इसका अप्रत्यक्ष लाभ भिंड सहित पूरे क्षेत्र को मिलेगा।

भिंड सहित पूरे क्षेत्र के विकास को मिलेगा नया आयाम
इन सभी परियोजनाओं के क्रियान्वयन से भिंड जिले में न केवल सड़क सुरक्षा और कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि व्यापार, उद्योग और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। बेहतर सड़क नेटवर्क से लॉजिस्टिक्स लागत में कमी आएगी और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इन जनहितकारी परियोजनाओं पर सहमति प्रदान करने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल विशेष रूप से भिंड और ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी और आमजन को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

Please follow and like us:
Pin Share