इटावा। महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के अंतर्गत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिविल लाइन की मिशन शक्ति टीम ने थाना क्षेत्र में जागरूकता चौपाल आयोजित कर महिलाओं, छात्राओं एवं अन्य लोगों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को पुलिस आपातकालीन सेवा 112, वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवाओं 102 व 108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।पुलिस टीम ने साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। ऑनलाइन लेन-देन तथा सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतने की अपील भी की गई।इस दौरान छात्राओं को जागरूकता पंपलेट वितरित कर महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। इटावा पुलिस ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए जनजागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।
मिशन शक्ति फेज 6 महिलाओं और छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

