इटावा। जैन समाज के सबसे पवित्र एवं महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व पर्युषण और दशलक्षण महापर्व के अवसर पर उत्तर प्रदेश में बूचड़खानों, पशु वध, मांस बिक्री एवं शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग तेज हो गई है। विश्व जैन संगठन (पंजी) के जिलाध्यक्ष आकाशदीप जैन ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को ई-मेल के माध्यम से पत्र भेजकर 8 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक प्रदेश में विशेष प्रतिबंध लागू करने की मांग की है।पत्र में कहा गया है कि श्वेतांबर जैन समाज का पर्युषण महापर्व 8 सितंबर से 15 सितंबर तक मनाया जाएगा, जिसका समापन 15 सितंबर को संवत्सरी (क्षमावाणी) के साथ होगा। इसके बाद दिगंबर जैन समाज का दशलक्षण महापर्व 16 सितंबर से 25 सितंबर तक आयोजित होगा तथा 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी का पावन पर्व मनाया जाएगा।विश्व जैन संगठन ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इन पवित्र दिनों में प्रदेश के सभी बूचड़खानों को बंद रखने, पशु वध एवं मांस बिक्री से संबंधित गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। इसके साथ ही शराब की दुकानों को बंद रखने और शराब की बिक्री एवं सेवन पर रोक लगाने के लिए भी प्रभावी निर्णय लिया जाए।आकाशदीप जैन ने कहा कि पर्युषण और दशलक्षण महापर्व जैन धर्म के मूल सिद्धांतोंअहिंसा, जीवदया, तप, त्याग, क्षमा, संयम और करुणा को समर्पित हैं। इन दिनों लाखों जैन श्रद्धालु उपवास, व्रत, तपस्या एवं धार्मिक साधना करते हुए प्रत्येक जीव के प्रति दया और अहिंसा का संदेश जन-जन तक पहुंचाते हैं।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार यदि इस अवधि में बूचड़खानों एवं पशु वध से संबंधित गतिविधियों तथा शराब की बिक्री पर रोक लगाने का निर्णय करती है तो यह जैन समाज की धार्मिक भावनाओं का सम्मान होने के साथ-साथ अहिंसा, जीवों के प्रति संवेदनशीलता, सामाजिक सद्भाव, संयम और नशामुक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश होगा।मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में मांग की गई है कि राज्य सरकार द्वारा संबंधित विभागों, नगर निगमों, नगर पालिकाओं एवं स्थानीय प्रशासन को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि पर्युषण और दशलक्षण महापर्व की अवधि में प्रतिबंधों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जा सके।विश्व जैन संगठन ने मुख्यमंत्री से इस मांग पर सकारात्मक एवं प्रभावी निर्णय लेने की अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा है कि जैन समाज की धार्मिक भावनाओं एवं अहिंसा के सार्वभौमिक संदेश को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा आवश्यक पहल की जानी चाहिए।विश्व जैन संगठन (पंजी) के जिलाध्यक्ष आकाशदीप जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री की संवेदनशील एवं जनकल्याणकारी सरकार से जैन समाज को सकारात्मक निर्णय की पूर्ण अपेक्षा है।
जैन पर्युषण-दशलक्षण महापर्व में उत्तर प्रदेश में बूचड़खाने-शराब की दुकानें रहें बंद

