ग्वालियर, 23 मई। “राष्ट्रीय संत सुरक्षा अभियान” के अंतर्गत सकल जैन महापंचायत, समस्त मंदिर कमेटियों एवं जैन समाज की विभिन्न संस्थाओं द्वारा 25 मई को संत सुरक्षा को लेकर सांकेतिक धरना एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह अभियान पूज्य निर्यापक श्रमण श्री सुधासागर जी एवं मुनि श्री प्रमाण सागर जी महाराज के आवाहन पर “अहिंसा के पथिक सुरक्षित हों” संदेश के साथ चलाया जा रहा है।
सकल जैन महापंचायत ग्वालियर के अध्यक्ष पारस जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि जैन समाज ने संतों के विहार के दौरान लगातार हो रही दुर्घटनाओं तथा हाल ही में रीवा में दो आर्यिका माताजी को वाहन से कुचलने की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। समाज सरकार से संत सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने एवं विहार मार्गों को सुरक्षित बनाने की मांग करेगा।
उन्होंने बताया कि 25 मई को प्रातः 8 बजे इंदरगंज जैन मंदिर से कार्यक्रम प्रारंभ होगा। शहर की विभिन्न मंदिर कमेटियाँ एवं जैन समाज की संस्थाएं रैली एवं पैदल जुलूस के माध्यम से इंदरगंज मंदिर पहुंचेंगे । इसके बाद इंदरगंज चौराहे पर सांकेतिक धरना देकर प्रशासनिक अधिकारी को सामूहिक रूप से ज्ञापन सौंपा जाएगा।
दो जैन साध्वी आर्यिका माताजी को वाहन से कुचलने के विरोध में जैन समाज का इन्दरगंज चौराहे पर सांकेतिक धरना, सौंपा जाएगा ज्ञापन

