दतिया। जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 ओवरलोड रेत भरे डंपर-ट्रॉला एवं 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कीं। साथ ही लगभग 1500 घनमीटर अवैध रेत डंप का विनिष्टीकरण भी किया गया। सभी जब्त वाहनों को संबंधित थानों की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है। यह कार्रवाई स्वप्निल वानखेड़े एवं मयूर खंडेलवाल के निर्देशानुसार जिले में चलाए जा रहे अवैध खनिज कारोबार विरोधी अभियान के तहत की गई। यह कार्यवाही एसडीएम सेवढ़ा अशोक अवस्थी तथा एसडीओपी सेवढ़ा अजय चानना, जिला खनिज अधिकारी प्रदीप भूरिया के संयुक्त टीम का नेतृत्व में की गई। प्रशासन एवं पुलिस की टीम ने रतनगढ़ माता मंदिर रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में आकस्मिक जांच और छापामार कार्रवाई की। इस दौरान तहसीलदार राजेंद्र जाटव, अतरेटा थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह राजपूत, इंदरगढ़ टीआई गौरव शर्मा, थरेट थाना प्रभारी अरविंद भदौरिया, खनिज निरीक्षक धाकड़ सहित राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। जांच के दौरान कई वाहन चालक खनिज परिवहन से संबंधित वैध ई-टीपी और शासकीय अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सके। अधिकारियों ने पाया कि संबंधित वाहन बिना अनुमति के अवैध रेत परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त थे, जो मध्यप्रदेश खनिज नियम 2022 के नियम 18, 19 एवं 20 का उल्लंघन है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जब्त वाहन केवल कलेक्टर न्यायालय अथवा जिला खनिज अधिकारी के लिखित आदेश के बाद ही छोड़े जाएंगे। अधिकारियों ने कहा कि जिले में रेत माफियाओं और अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
अवैध रेत कारोबार पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई,मचा हड़कंप,8 वाहन जब्त,1500 घनमीटर रेत विनिष्टीकरण

