Headlines

शपथ विधि समारोह संपन्न

इंदौर। दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद इंदौर की कार्यकारिणी की साधारण सभा और शपथ विधि समारोह रविवार को महावीर बाग में आयोजित किया गया। सांसद के मिडिया प्रभारी राजेश जैन दद्दू एवं प्रवीण जैन ने बताया कि कार्यक्रम में जोन अध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री सहित अन्य कार्यकारिणी पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। सामाजिक संसद के निर्वाचित अध्यक्ष आनंद गोधा ने इस मौके पर कहा कि हमने समाज से जो वादे किए हैं। वे सभी पूरे करेंगे। हमारा पहला काम यह होगा कि इंदौर शहर से 40-50 किमी दायरे में जो भी मुनिराज विहाररत रहेंगे। उनकी आहार विहार निहार की व्यवस्था कर मुनिवैयावृत्ति करेंगे। सामाजिक शिक्षा, स्वास्थ्य के अलावा समाज के युवाओं के लिए व्यापार के लिए स्टार्टअप तैयार करने में भी सहयोग करेंगे। अध्यक्ष आनंद गोधा ने कहा कि समाज के कमजोर तबके के बच्चों को उच्च शिक्षा दिलवाने के लिए उन्हें एजुकेशन लोन सहित मार्गदर्शन के लिए कोचिंग की व्यवस्था को भी अंजाम देंगे।

इस अवसर पर नवीन गोधा को कार्यकारी अध्यक्ष घोषित किया गया। उन्होंने कहा कि सर्वप्रथम समाज की जनगणना कराई जाएगी और समाज को नया स्वरूप देने के लिए आईटी सेल के माध्यम से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज को तकनीकी रूप से मजबूत और संगठित बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा। वहीं संविधान संशोधन के लिए कैलाश वेद को सभी की सहमति से नियुक्त किया गया। इस दौरान स्पष्ट किया गया कि सामाजिक संसद के संविधान का मूल आधार मंदिर व्यवस्था ही रहेगा।

इससे पूर्व इंदौर नगरपालिका निगम के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शहर के 6 जोन के अध्यक्षों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह बेहद प्रसन्नता की बात है कि दिगंबर जैन समाज के लोग आज एक मंच पर आकर समाज में समानता की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज में समाज के साथ नवीनता का प्रयोग करना भी बेहद जरूरी है। महापौर भार्गव ने कहा कि समय के साथ जनरेशन चेंज हो रही है। पहले 10 से 15 साल में पीढ़ी बदलती थी अब जनरेशन चेंज 5 साल में ही देखने में आ रहा है। भार्गव ने कहा कि नित नूतन और चिर पुरातन का भाव रखकर दिगंबर जैन समाज नए तरीके अपनाए। उन्होंने दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के संविधान संशोधन पर चल रही चर्चा पर कहा कि समाज बदलता है तो कानून बदलता है। इसी तरह कानून बदलता है तो समाज भी बदलता है। उन्होंने आह्वान किया कि देश पहले समाज बाद में और इसके बाद हम का भाव रखें। जल संरक्षण के लिए हम सब की सामाजिक जिम्मेदारी है। पानी बचाने के लिए अपने घरों पर संयंत्र लगवाएं और सोलर प्लांट लगवाकर ऊर्जा की भी बचत करें। इंदौर शहर में चातुर्मास भव्य और दिव्य तरीके से हो। इसके लिए नगरनिगम सदैव तैयार रहता है। आगे भी पूरी ताकत के साथ तैयार रहेगा।

समारोह में यह समाज श्रेष्ठी मंचासीन रहे

साधारण सभा और शपथ विधि समारोह में मंच पर निर्वाचित अध्यक्ष आनंद गोधा, नवीन गोधा, हर्ष जैन, विजय पटोदी, नरेंद्र वेद, दिलीप पाटोदी, संदीप जैन मोयरा सरिया, पुष्पा कासलीवाल, अमित कासलीवाल, एडवोकेट एन के जैन, एम के जैन मनोहर झांझरी, धर्मेंद्र सिनकेम सहित अन्य समाज श्रेष्ठी अतिथि के तौर पर विराजमान थे। पंचबालयति मंदिर विजयनगर से बाल ब्रह्मचारी सुरेश मलैया भी मंचासीन रहे। कार्यक्रम में महामंत्री हर्ष जैन ने भी संबोधित किया। उन्होंने भी दिगंबर जैन समाज के साधुओं की आहार विहार निहार की व्यवस्थाओं को चाकचौबंद बनाने का संकल्प दोहराया।

समाज में एकत्व भाव देख प्रसन्नता है

कार्यक्रम में संबोधन की कड़ी में सर्वप्रथम विमल अजमेरा ने समाजजनों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में एकत्व का भाव से समाज मजबूत होता है। आज समाज एक हो गया है। यह प्रसन्नता का विषय है। 140 मंदिरों के पदाधिकारियों को साथ लेकर समाजोत्थान के कार्य सराहनीय है। कार्यक्रम में धर्मेंद्र पाटनी ने कहा कि विश्वास और श्रद्धा अलग-अलग है। उसी तरह समाज का संविधान भी है। हमारे पूर्वजों ने जो मंत्र दिया है। उन्होंने जो संरचना रची है। उसी का अनुपालन होना चाहिए। इस अवसर पर निर्मल कासलीवाल, टीके वेद, बाहुबली जैन, प्रदीप शास्त्री, कैलाश वेद, सुभाष सेठिया, डॉ जैनेन्द्र जैन सहित अन्य समाज श्रेष्ठी और वरिष्ठजनों ने संबोधित किया। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन संगीता विनायका ने किया।

मासिक पत्रिका का विमोचन किया

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक संसद की नवनियुक्त प्रवक्ता और सामाजिक संसद की मासिक पत्रिका की प्रधान संपादक रेखा संजय जैन ने भी शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर पत्रिका का विमोचन अतिथि निर्वाचित अध्यक्ष आनंद गोधा, नवीन गोधा, विजय पटोदी, नरेंद्र वेद, हर्ष जैन, दिलीप पटोदी, संदीप जैन मोयरा सरिया, पुष्पा कासलीवाल, अमित कासलीवाल, एडवोकेट एन के जैन, राजेश जैन दद्दू मनोहर झांझरी, धर्मेंद्र सिनकेम अक्षय कासलीवाल आदि ने किया। संपादक रेखा संजय जैन ने बताया कि इस मासिक पत्रिका में दिगंबर जैन सामाजिक संसद की हर गतिविधि के साथ-साथ समाज में होने वाले हर कार्यक्रम की रिपोर्ट को प्रमुखता से शामिल किया जाएगा। इस अवसर पर सामाजिक संसद की महिला मंडल की अध्यक्ष के रूप में साधना दगड़े ने शपथ ग्रहण की।

Please follow and like us:
Pin Share