इटावा। सदर विधायक सरिता भदौरिया एवं जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में आयोजित हुआ। मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चियों ने सरस्वती गीत प्रस्तुत किया। सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में प्रत्येक बच्चा आगे आए एवं प्रगति करें उन्होंने कहा कि देश की प्रगति तब होगी जब हम पढ़े लिखे होंगे स्वस्थ होंगे। उन्होंने कहा कि सर्वप्रथम भूमिका शिक्षा विभाग की होती है एवं 2047 का सपना तभी पूरा हो पाएगा जब हम अच्छे से पढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि हर घर का सर्वे करा कर बच्चों का एडमिशन कराया जाए कोई भी बच्चा छूटने न पाए। इटावा 80 प्रतिशत साक्षरता में आगे है। उन्होंने कहा कि जो बच्चे 3 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं उनका एडमिशन आंगनवाड़ी में अवश्य कराया जाए एवं जो बच्चे 6 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं उनका दाखिला कक्षा एक में अवश्य कराया जाए। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बताया गया कि माननीय मुख्यमंत्री का संकल्प है प्रदेश का एक-एक बच्चा स्कूल जाए एवं शिक्षा प्राप्त कर अपने गांव जिले गुरु एवं माता-पिता का नाम रोशन करें साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहने पाए निपुण का संकल्प यही है कि सभी को निपुण बनाया जाए। कार्यक्रम के दौरान सबसे ज्यादा नामांकन वृद्धि वाले शिक्षकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया एवं कस्तूरबा गांधी विद्यालय की बच्चियों को पुस्तक एवं बैग वितरण किए गए। उक्त अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, सचिन यादव जिला पंचायत सदस्य, जनप्रतिनिधिगण जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ राजेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं छात्र-छात्राएं आदि उपस्थित रही।
विकास भवन में हुआ स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम का आयोजन

