ग्वालियर 11 दिसम्बर 2025/ जिले में कानून व्यवस्था चाक-चौबंद रहना चाहिए। आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के विरूद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाए। इसके साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर से बेहतर बनाने के लिये विस्तृत प्लान तैयार किया जाए। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने ग्वालियर भ्रमण के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर यह बात कही।
प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने ग्वालियर भ्रमण के दौरान बुधवार को प्रात: 10 बजे मुरार सर्किट हाउस में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिले की कानून व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, शहर विकास एवं अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान ग्वालियर के आईजी श्री अरविंद कुमार सक्सेना, डीआईजी श्री अमित सांघी, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत एवं अपर आयुक्त नगर निगम श्री प्रतीक राव उपस्थित थे।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से कहा है कि जिले की कानून व्यवस्था के संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं पाई जाना चाहिए। आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के विरूद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। आवश्यकता पड़ने पर जिला बदर एवं रासुका जैसी कार्रवाई भी करना पड़े तो की जाए। वरिष्ठ अधिकारी नियमित थानों का एवं क्षेत्र का भ्रमण भी करें और कानून व्यवस्था को बेहतर से बेहतर बनाने के लिये हर संभव प्रयास किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन थाना क्षेत्रों में अपराध होते हैं वहां के पुलिस अधिकारियों को भी जिम्मेदार बनाया जाए।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने यातायात प्रबंधन के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि ग्वालियर शहर में बेहतर यातायात प्रबंधन के लिये यातायात का एक सुव्यवस्थित प्लान तैयार किया जाए। चौराहों पर लगे सभी सीसीटीव्ही कैमरे चालू रहें और उनकी निरंतर मॉनीटरिंग भी हो। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। बिना परमिट एवं यातयात नियमो का पालन न करने वाले वाहन मालिकों के विरूद्ध भी प्रशासन कड़ी कार्रवाई करे। अवैध रूप से बिना अनुमति के चलने वाले वाहनों की भी नियमित जांच कर कार्रवाई की जाए। शहर में रात में भी पुलिस गश्त प्रभावी रूप से हो यह भी सुनिश्चित किया जाए।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने समीक्षा के दौरान यह भी कहा कि शहर में जहां भी यातायात बाधित होता है उन स्थानों के लिये बेहतर प्लानिंग कर यातायात को सुगम बनाने का कार्य भी प्राथमिकता से किया जाए। इस कार्य में लोक निर्माण विभाग, नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर यथाशीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान कहा कि विकास कार्य गुणवत्ता के साथ और समय-सीमा में पूर्ण हों, इसके लिये निरंतर मॉनीटरिंग की जाए। जनप्रतिनिधियों के साथ भी समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में किसी प्रकार की रुकावट न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। शहर में सड़कों के संधारण का कार्य तेजी के साथ हो, इसके लिये निर्माण विभाग निरंतर कार्य करें। नगर निगम के माध्यम से भी सड़कों के संधारण का जो कार्य किया जा रहा है वह गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने नगर निगम आयुक्त से कहा है कि शहर के प्रमुख बाजारों में अस्थायी अतिक्रमण के कारण आवागमन में लोगों को परेशानी न हो यह भी सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही यातायात में बाधक अतिक्रमण भी तत्परता से हटाया जाए। उन्होंने कहा कि जिले के सभी खेल मैदानों में यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई अतिक्रमण न रहे। शहर में महापुरुषों की जितनी भी प्रतिमायें स्थापित हैं उनकी नियमित साफ-सफाई हो यह निगम सुनिश्चित करे।
आईजी श्री अरविंद सक्सेना ने कानून व्यवस्था के संबंध में किए जा रहे कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी से लेकर थाना स्तर तक के अधिकारी नियमित भ्रमण कर कानून व्यवस्था की स्थिति को बेहतर बनाने का कार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही यातायात प्रबंधन के लिये भी जिले भर में प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शहर में चल रहे विकास कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है। इसके साथ ही समय-सीमा में व गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण हों यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है। यातायात प्रबंधन के लिये भी सड़क सुरक्षा समिति में नियमित चर्चा कर लिए गए निर्णयों का पालन कराया जा रहा है।
नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने नगर निगम द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों एवं सड़कों के संधारण के लिये किए जा रहे कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अस्थायी अतिक्रमण हटाने का कार्य भी निगम द्वारा नियमित किया जा रहा है। इसके साथ ही नगर निगम के पार्क विभाग द्वारा महापुरुषों की प्रतिमाओं की नियमित साफ-सफाई का कार्य भी किया जा रहा है।

