Headlines

अम्बाह में 27 दिसंबर को होगा दसवां प्रतिभा सम्मान समारोह जैसवाल जैन उपरोचिया समाज की प्रतिभाओं का होगा सम्मान

मुरैना/अम्बाह (मनोज जैन नायक) अखिल भारतवर्षीय दिगम्बर जैसवाल जैन उपरोचिया समाज की सेवा भावी संस्था अखिल भारतीय श्री दिगम्बर जैसवाल जैन (उप.) सेवा न्यास द्वारा दसवें प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन 27 दिसंबर 2026, रविवार को मुरैना जिले की अम्बाह तहसील में स्थित जैन बगीची में किया जाएगा। प्रातः 8:30 बजे से सूर्यास्त तक आयोजित होने वाले इस समारोह में समाज की शैक्षणिक, व्यावसायिक, प्रशासनिक, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान एवं अभिनंदन किया जाएगा।
सेवा न्यास के महामंत्री रूपेश जैन उत्तम नगर द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार समारोह के अंतर्गत देशभर से चयनित 10 प्रतिभाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। इनमें प्रथम तीन चयनित प्रतिभाओं को लैपटॉप तथा शेष प्रतिभाओं को टैबलेट प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त अन्य आकर्षक उपहार भी दिए जाएंगे। आयोजन का उद्देश्य समाज की उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा युवाओं में शिक्षा, प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्ट उपलब्धियों के प्रति उत्साह बढ़ाना है।
इन उपलब्धियों पर मिलेगा सम्मान
प्रतिभा सम्मान के राष्ट्रीय संयोजक सुदीप जैन गुरुग्राम, सुरेश जैन गुरुग्राम, मनोज जैन कोटा द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, कक्षा 10वीं एवं 12वीं में वर्ष 2026 की अंकसूची के आधार पर 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी पात्र होंगे। इसके अतिरिक्त किसी भी प्रांत की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने, सीए, सीएस अथवा आईसीडब्ल्यूए बनने, आईआईटी, क्लैट, आईआईएम, जीमैट या मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं के माध्यम से प्रवेश पाने वाली प्रतिभाओं पर भी विचार किया जाएगा।
स्नातक एवं स्नातकोत्तर की परीक्षाओं में विशेष योग्यता प्राप्त करने, राष्ट्रीय अथवा प्रादेशिक स्तर पर प्रशासनिक एवं शासकीय सेवाओं में चयनित होने, मेडिकल कॉलेज में पीजी में चयन पाने तथा खेल, शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में राष्ट्रीय या प्रादेशिक स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाएं भी सम्मान के लिए आवेदन कर सकेंगी। इन श्रेणियों में प्रवेश एवं उपलब्धियों के लिए वर्ष 2025 और 2026 को आधार माना जाएगा।
आवास एवं अन्य सुविधाओं की व्यवस्था
आयोजकों के अनुसार, सम्मान के लिए चयनित प्रतिभा और उनके साथ आने वाले एक व्यक्ति को वैकल्पिक रूप से रेलवे शयनयान श्रेणी का यात्रा व्यय प्रदान किया जाएगा। बाहर से आने वाले प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं अतिथियों के लिए आवास, चाय, नाश्ता, भोजन सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी आयोजकों द्वारा की जाएगी।
15 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन
प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल होने के इच्छुक पात्र विद्यार्थी एवं प्रतिभाएं 15 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए निर्धारित लिंक https://forms.gle/rDwXwHcbAyt7T7nK9 पर फॉर्म भरना होगा। इसके साथ ही फॉर्म में संपूर्ण जानकारी भरकर मोबाइल नंबर 9479865247 पर व्हाट्सऐप के माध्यम से भी भेजी जा सकती है।
सेवा न्यास परिवार के अध्यक्ष प्रदीप जैन पीएनसी आगरा, कार्याध्यक्ष सीए कमलेश जैन गुरुग्राम, महामंत्री रविन्द्र जैन जमूसर वाले भोपाल, महामंत्री रूपेश जैन उत्तमनगर दिल्ली, कोषाध्यक्ष सीए शैलेंद्र जैन दिल्ली ने समाज के लोगों से अपील की है कि वे इस आयोजन की जानकारी अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाएं, ताकि योग्य प्रतिभाओं को सम्मानित होने का अवसर मिल सके। यह प्रतिभा सम्मान समारोह केवल दिगम्बर जैसवाल जैन उपरोचिया समाज के छात्र-छात्राओं के लिए निर्धारित है।

Please follow and like us:
Pin Share