इटावा। उच्च प्राथमिक विद्यालय पुरबिया टोला नालापार में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि संस्कृत प्रवक्ता डॉ ज्योति वर्मा ने विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पाने, प्रतिदिन विद्यालय ड्रेस में आने वाले, विभिन्न प्रकार की गतिविधियों में प्रतिभाग करने खेल कूद में प्रतिभागी बच्चों को रिपोर्ट कार्ड प्रदान किया एवं मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उत्तम शिक्षा के साथ उच्च संस्कार भी जरूरी है। उत्तम शिक्षा, संस्कृति और संस्कार से बने चरित्र महान। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की साथ ही नव प्रवेश लेने पर आलिम एवं आदिल का रोली एवं चावल लगाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। सब पढ़ें, सब बढ़ें का नारा देते हुए शिक्षा के प्रति समुदाय को जागरूक किया। स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत रैली निकाली गई। बच्चे आधी रोटी खाएंगे, स्कूल पढ़ने जाएंगे आदि नारे लगाते हुए लोगों को जागरूक किया।सोनी देवी एवं आसमा ने विद्यालय में पढ़ाई एवं अन्य गतिविधियों को देखते हुए अधिक से अधिक बच्चों को प्रवेश दिलाने का संकल्प लिया।प्रधानाध्यापिका शिखा पाल ने कहा कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह जाए इसके लिए सभी प्रयास करें कि हर बच्चा विद्यालय तक पहुंचे। एसएमसी अध्यक्ष सोनी देवी एवं सदस्यों ने अधिक से अधिक नामांकन करने का आव्हान किया। कार्यक्रम में प्रतिदिन अपने बच्चों को विद्यालय भेजने वाले अभिभावकों एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने व बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने वाले अभिभावकों को भी उपहार देकर सम्मानित किया गया। मुन्नी देवी, श्रीदेवी, रेणु देवी, पुष्पा, दुर्गा देवी, निर्मला,कल्पना, गुड़िया बेगम, नंदिनी,राजीव कुमार, शहनाज, वीरेश कुमार आदि शामिल रहे।
उत्तम शिक्षा के साथ उच्च संस्कार भी जरूरी : डॉ ज्योति वर्मा

