Businessदेशमध्य प्रदेश
कृषि विश्वविद्यालय में गेहूं एवं जौ अनुसंधान गोष्ठी का समापन 31 अगस्त को

ग्वालियर 30 अगस्त 2022/ भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद संस्थान, करनाल एवं राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय ग्वालियर के संयुक्त तत्वावधान में चल रही 61वीं अखिल भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान कार्यकर्ता गोष्ठी का समापन 31 अगस्त प्रातः 11.30 बजे होगा। यह जानकारी विश्वविद्यालय के संचालक अनुसंधान सेवाये डॉ. संजय शर्मा ने देते हुए बताया कि गोष्ठी के दूसरे दिन विभिन्न सत्रों में वैज्ञानिकों द्वारा आलेख पढ़े गये। जिसमें भारत में गेहूँ फसल प्रबंधन, संसाधन प्रबंधन, पौध संरक्षण, जौ सुधार तथा गेहूँ की गुणवत्ता में सुधार हेतु किये जा रहे अनुसंधानों पर चर्चा की गई।
देशभर में चल रहे गेहूं अनुसंधान केन्द्रों पर हो रहे अनुसंधान कार्यो की जानकारी संबंधित परियोजना प्रभारियों द्वारा प्रस्तुत किए गए। आज हुये सत्रों में मुख्य रूप से डॉ. ज्ञानेन्द्र सिंह, डॉ. एस. सी. त्रिपाठी, डॉ. सुधीर कुमार, डॉ. डी.पी. गंगवार आदि वैज्ञानिकों ने इन विषयों पर अपने विचार रखें। वहीं विभिन्न सत्रों की अध्यक्षता भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के उप महानिदेशक डॉ. तिलकराज शर्मा, अतिरिक्त महानिदेशक डॉ. आर.के. सिंह एवं गेहूँ एवं जौ अनुसंधान संस्थान करनाल के निदेशक डॉ. जी.पी. सिंह द्वारा की गई।