Breaking NewsTop Newsउत्तर प्रदेशक्राइमदेशनई दिल्लीराजनीतिवायरलसोशल मीडिया

दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री और आप नेता सोमनाथ भारती पर UP में फेंकी स्याही, सोमनाथ भारती सहित कई कार्यकर्ता गिरफ्तार

आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती पर उत्तर प्रदेश में आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने स्याही फेंकते हुए मुर्दाबाद के नारे लगाए। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि सोमनाथ भारती ने उत्तर प्रदेश की महिलाओं का अपमान किया है। सोमनाथ भारती इन दिनों उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। पुलिस ने स्याही फेंकने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक (रायबरेली) श्लोक कुमार ने बताया कि आप विधायक पर स्याही फेंकने की घटना हुई है। इसकी छानबीन की जा रही है।

उत्तर प्रदेश के रायबरेली में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात समेत सोमनाथ भारती के कई कार्यक्रम थे। सोमवार सुबह जब वो निकलने को तैयार हुए तो उन्हें पुलिस ने रोक लिया। इसके बाद पुलिस और उनके बीच विवाद होने लगा। इसी बीच एक अज्ञात व्यक्ति ने सोमनाथ भारती पर स्याही फेंक दी और योगी जिंदाबाद के नारे लगाकर भागने लगा। जिसके बाद सोमनाथ भारती भी शख्स के पीछे अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए भागे। पुलिस ने स्याही फेंकने वाले को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद अमेठी पुलिस ने सोमनाथ भारती सहित आम आदमी पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।

आप नेता सोमनाथ भारती ने कहा कि ”मैं अपने कार्यकर्ताओं के साथ शांतिपूर्ण तरीके से मीटिंग करने जा रहा था तभी यहां के थानेदार अतुल सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल पहुंचा और मुझे रोक लिया गया। उसी समय एक गुंडा वहां आया और मेरे ऊपर स्याही फेंक दी। मैंने कोई अनैतिक और असंवैधानिक कार्य नहीं किया है, लेकिन योगी की पुलिस हम लोगों को रोकने का काम कर रही है। अगर उन्हें डर नहीं है तो पुलिस को आगे क्यों किया जा रहा है।

आप नेता सोमनाथ भारती ने आगे सीएम योगी आदित्य नाथ को निशाने पर ले लेते हुए मीडिया से बात की। उन्होंने सीएम का असली नाम अजय सिंह बिष्ट लेते हुए उन्हें गुंडा करार दिया और कहा कि उनकी गुंडई प्रदेश की जनता के सामने देखेंगे। पूरे राज्य में बताएंगे। यहां महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है। बेटियों की इज्जत लूटी जा रही है। शिक्षा को मिटाया जा रहा है।

 

केजरीवाल सरकार में मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने कहा- यह काली स्याही नहीं बल्कि योगी सरकार का काला अध्याय है जो जल्द ही मिटने वाला है, यह 2022 में उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार के आने की आहट है इसमें भाजपा का डर साफ नजर आता है।

इस पूरे घटनाक्रम पर आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा- आदित्य नाथ सरकार की तानाशाही चरम पर है। आप ने स्कूल, अस्पताल की बदहाली का सवाल उठाया तो आदित्य नाथ जी ने AAP नेताओं को आतंकित करना शुरू कर दिया। पूर्व मंत्री व विधायक सोमनाथ भारती पर रायबरेली में भाजपाईयों ने हमला कर दिया और सोमनाथ को ही पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है।

Tags

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Close