Breaking NewsTop NewsTravelक्राइमदेशनई दिल्लीराजनीतिवायरलसोशल मीडिया

केंद्र सरकार के खिलाफ मार्च निकालने को लेकर प्रियंका गांधी गिरफ्तार, राहुल गांधी ने किया ट्वीट

केंद्र सरकार द्वारा पारित कृषि कानूनों के खिलाफ देशभर में किसानों का आंदोलन जारी है। किसान आंदोलन को समर्थन देते हुए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी मार्च निकाल रही थी कि आनन-फानन में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। कांग्रेस का सुबह साढ़े 11 बजे राष्ट्रपति भवन तक मार्च का कार्यक्रम था, लेकिन पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी। राहुल और प्रियंका गांधी ने इसके बाद करीब आधे घंटे तक कांग्रेस मुख्यालय के लॉन में बैठकर मार्च की रणनीति बनाई। पुलिस नहीं मानी, तो प्रियंका गांधी जबरन सड़क पर उतर आईं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मार्च निकालने की कोशिश करने लगीं। इसके बाद पुलिस ने उन्हें और बाकी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस प्रियंका को मंदिर मार्ग थाने ले गई।

 

दिल्ली पुलिस के अडिशनल डीसीपी दीपक यादव ने इस संबंध में जानकारी दी है। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस नेताओं को राष्ट्रपति भवन तक मार्च की अनुमित नहीं दी गई है। हालांकि 3 नेताओं को राष्ट्रपति से मिलने के लिए जाने दिया जाएगा।’ बताया जा रहा है कि कांग्रेस के राष्ट्रपति भवन मार्च से पहले पार्टी मुख्यालय के पास धारा 144 लगा दी गई है।

 

कांग्रेस मुख्यालय के पास धारा 144 लगाने को लेकर दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अनिल चौधरी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए ट्वीट कर कहा, ‘राहुल गांधी से नरेंद्र मोदी सरकार इतनी डरती क्यों है? किसानों की आवाज सुनने में इनको इतनी घबराहट क्यों होती है?’

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार सुबह कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों को समर्थन देने की बात कही। उन्होंने कहा, ‘भारत के किसान त्रासदी से बचने के लिए कृषि-विरोधी क़ानूनों के ख़िलाफ़ आंदोलन कर रहे हैं। इस सत्याग्रह में हम सबको देश के अन्नदाता का साथ देना होगा।’

कृषि कानून के मुद्दे पर राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात करेंगे और नए कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग के साथ दो करोड़ हस्ताक्षर वाला ज्ञापन राष्ट्रपति को सौंपेंगे।

Tags

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Close