Breaking NewsTop Newsक्राइमदेशवायरलसोशल मीडियाहरियाणा

हरियाणा के करनाल में जमीन विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, 3 की मौत और 12 घायल

देश की राजधानी नई दिल्ली से सटे हरियाणा के करनाल में बुधवार सुबह एक जमीन विवाद में फायरिंग हो गई। बताया जा रहा है कि वारदात में 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं 12 लोग गंभीर घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

बता दें कि करनाल जिले के घरौंडा के गांव गगसीना में जमीन विवाद में बुधवार सुबह आठ बजे ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। गोली लगने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। घायलों को घरौंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना की सूचना के बाद भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया।

फायरिंग में घायल एक व्यक्ति उपचाराधीन

जानकारी के मुताबिक, गगसीना गांव में दो पक्षों के बीच कई साल से जमीन विवाद चल रहा था। मामला कोर्ट में विचाराधीन था। इसी मसले पर कई दिनों से दोनों पक्षों के बीच तनातनी चल रही थी। घायल नवीन, सुरेंद्र और उनके परिजन रघबीर संधू ने बताया कि बुधवार सुबह मामला काफी ज्यादा बढ़ गया था। दूसरे पक्ष के लोगों ने अचानक उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से दिलबाग, बलराज और परवीन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दयानंद, रूपचंद, बलिंदर, धन सिंह, सुल्तान सिंह, नवीन, सुरेंद्र, लखविंदर, हरदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। इन सबको घरौंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां से धन सिंह को गंभीर हालत में करनाल रेफर कर दिया है। घटना की सूचना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए है। पीड़ित पक्ष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।

खूनी संघर्ष की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए। आरोपी अभी तक फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है। पुलिस ने मौके पर FSL टीम को भी बुलाया है। मौका-ए-वारदात से सबूत जुटाए जा रहे हैं।

पीड़ित परिवार के लोगों का आरोप है कि जब झगड़ा हो रहा था, पुलिस वहां मौजूद थी। पुलिसवालों के सामने ही गोलियां चली हैं। आरोपी हमला कर फरार हो गए। ऐसे में देखना होगा कि पुलिस आरोपियों तक कब पहुंचती है।

Tags

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Close