Breaking NewsTop Newsउत्तर प्रदेशदेशनई दिल्लीराजनीतिवायरलसोशल मीडिया

आम आदमी पार्टी लड़ेगी उत्तर प्रदेश में होने वाला विधानसभा चुनाव-2022

देश की राजधानी नई दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी अब उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में भी चुनाव लड़ने के लिए तैयार हो गई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ऐलान करते हुए बताया कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में साल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव लड़ेगी।

 

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में लोगों को दी जा रही सुविधाएं अब उत्तर प्रदेश के लोगों को दिए जाने की भी बात कही है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश को गंदी राजनीति और भ्रष्ट नेताओं ने विकास से दूर रखा है। इसलिए दिल्ली में जो सुविधाएं लोगों को मिल रही है, वो उत्तर प्रदेश में अभी तक नहीं मिली हैं। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हर पार्टी ने सरकार बनाई है लेकिन उत्तर प्रदेश में राजनीतिक पार्टियों ने अपने घर भरने के सिवाय यूपी के लोगों के लिए कुछ भी नहीं किया है। अपने बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और फ्री बिजली-पानी के फॉर्मूले की बदौलत 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में ‘आप’ ने 70 में 62 सीटें जीतकर दिल्ली में तीसरी बार सरकार बनाने में कामयाबी हासिल की है।

आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के फैसले पर आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई है। आप के यूपी प्रमुख सभाजीत सिंह ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री के फैसले पर आभार जताया है। उन्होंने कहा, ‘मैं पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और (उत्तर) प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के साथ सभी शीर्ष नेतृत्व का यूपी संगठन की ओर से आभार व्यक्त करता हूं, कि उन्होंने यूपी के आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के लड़ने का निर्णय लिया।’

गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। इसके लिए दलित समाज से आने वाले मंत्री राजेंद्र पाल गौतम को चुनाव प्रभारी बनाया गया है। आम आदमी पार्टी ने डिप्टी स्पीकर राखी बिड़लान और विधायक सुरेंद्र कुमार को सह प्रभारी बनाया है। यूपी में 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी पंचायत चुनाव में अपना दमखम आजमाना चाहती है।

Tags

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Close