Breaking NewsBusinessTop NewsWorldउत्तर प्रदेशछोटा पर्दादेशमनोरंजनमहाराष्ट्रराजनीतिवायरलव्यापारसिनेमासोशल मीडिया
उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी को लेकर मुंबई में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले अक्षय कुमार और कैलाश खेर, राजनीति शुरू

दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद मुंबई से फिल्म सिटी को हटाने की शुरु हुई चर्चा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा में फिल्म सिटी बनाने की बात कही थी। अब उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी के अपने ड्रीम प्रोजेक्ट को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर मुंबई पहुंचे हैं। मंगलवार को मुंबई पहुंचने के बाद देर शाम मुख्यमंत्री ने बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार से मुलाकात की। साथ ही, मशहूर सिंगर कैलाश खेर भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने के लिए पहुंचे। ट्राइडेंट होटल में ही इन फिल्मी सितारों की मुलाकात उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से हुई।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को मुम्बई स्थित बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में लखनऊ नगर निगम बॉन्ड को सूचीबद्ध किए जाने के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसी को लेकर मुख्यमंत्री मंगलवार को मुंबई पहुंचे हैं। इस दौरान मंगलवार रात में अभिनेता अक्षय कुमार उनसे मुलाकात करने पहुंचे। उत्तर प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में फिल्म निर्माण की असीम संभावनाएं हैं। इसी को देखते हुए प्रदेश सरकार ‘फिल्म नीति-2018’ के माध्यम से फिल्म निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है।
आज मुंबई में भारतीय फिल्म जगत के लोकप्रिय अभिनेता श्री @akshaykumar जी से शिष्टाचार भेंट हुई।
चलचित्र जगत के विभिन्न पहलुओं के संबंध में उनसे सार्थक विमर्श हुआ।
अपने कार्य के प्रति उनकी समझ, लगन और रचनाधर्मिता युवाओं के लिए प्रेरणास्पद है। pic.twitter.com/O9kBEGy9mh
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) December 1, 2020
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार से मुलाकात की एक तस्वीर शेयर करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, “आज मुंबई में भारतीय फिल्म जगत के लोकप्रिय अभिनेता श्री अक्षय कुमार जी से शिष्टाचार भेंट हुई। चलचित्र जगत के विभिन्न पहलुओं के संबंध में उनसे सार्थक विमर्श हुआ। अपने कार्य के प्रति उनकी समझ, लगन और रचनाधर्मिता युवाओं के लिए प्रेरणास्पद है।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभिनेता अक्षय कुमार से मुलाकात के दौरान कहा कि राज्य में फिल्म की शूटिंग होने से स्थानीय लोगों को रोजगार और प्रदेश के कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होता है। प्रदेश में फिल्म शूटिंग करने वाले निर्माताओं को हरसंभव सहयोग और सुविधा प्रदान की जा रही है। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने अपनी कला का सदुपयोग करते हुए ‘टायलेट एक प्रेम कथा’ फिल्म के माध्यम से समाज को प्रेरक संदेश दिया। ऐसी फिल्में समाज में जागरूकता बढ़ाने में मददगार सिद्ध होती हैं। मुलाकात के दौरान अक्षय कुमार ने फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना की। राज्य में फिल्म सिटी की स्थापना के फैसले पर खुशी जताई है। उन्होंने यह भी बताया कि पहले भी उनकी अभिनीत फिल्मों की शूटिंग उत्तर प्रदेश में की जा चुकी है।
प्यारा साक्षात्कार महाराज जी @myogiadityanath के साथ मुम्बई में. पुन: चर्चा हुई कैसे संगीत तथा कला साहित्य कुछ नयापन लाकर हमारी संतति को प्रेरित कर सकती है.भारत अध्यात्म का गढ़ है बड़ी सम्पदा.इसी पर केंद्रित हो नये फ़िल्म जगत की परिकल्पना. #Abupkibaathialaghai @uptourismgov pic.twitter.com/DWYoxY6kV0
— Kailash Kher (@Kailashkher) December 1, 2020
अभिनेता अक्षय कुमार के अलावा मशहूर सिंगर कैलाश खेर भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करने ट्राइडेंट होटल पहुंचे। इस मुलाकात के बाद गायक कैलाश खेर ने ट्वीट कर कहा, प्यारा साक्षात्कार महाराज जी @myogiadityanath के साथ मुम्बई में। पुन: चर्चा हुई कैसे संगीत तथा कला साहित्य कुछ नयापन लाकर हमारी संतति को प्रेरित कर सकती है। भारत अध्यात्म का गढ़ है बड़ी सम्पदा। इसी पर केंद्रित हो नए फ़िल्म जगत की परिकल्पना।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुंबई में फिल्मी सितारों से हो रही इन मुलाकातों के बीच राजनीतिक हस्तक्षेप शुरू हो गया है। कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने कहा कि बीजेपी यूपी सरकार के नाम पर अब बॉलिवुड का एक टुकड़ा ले जाने की पटकथा तैयार कर रही है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के लोक निर्माण मंत्री अशोक चव्हाण ने मंगलवार ट्वीट करके गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब बीजेपी महाराष्ट्र में सत्ता में थी तब कई उद्योग और कार्यालय गुजरात स्थानांतरित कर दिए गए थे। महाराष्ट्र में सरकार बदल गई, लेकिन बीजेपी उत्तर प्रदेश सरकार के नाम पर अब बॉलिवुड का एक टुकड़ा ले जाने की पटकथा तैयार कर रही है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि बीजेपी के शासनकाल में जो कुछ हुआ, हम फिर वह नहीं होने देंगे।
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में यमुना एक्सप्रेसवे के पास फ़िल्म सिटी बनना तय है। इसके लिए एक हज़ार एकड़ ज़मीन निर्धारित की गई है। 2018 में बने फ़िल्म सिटी नियम के तहत इंडस्ट्रीयल रेट पर राज्य सरकार ज़मीन उपलब्ध कराएगी। 800 एकड़ में स्टूडियो बनाए जाएंगे। बाक़ी 200 एकड़ ज़मीन कमर्शियल एक्टिविटी के लिए तय की गई है। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने दो महीने पहले नोएडा जाकर उस इलाक़े का दौरा किया था, जहां फ़िल्म सिटी बनाने की बात चल रही है। नोएडा में सेक्टर 14 में पहले से सौ एकड़ ज़मीन पर फ़िल्म सिटी बना है। जहां से अधिकतर न्यूज़ चैनल चलते हैं।