Breaking NewsGamesTop Newsदेशनई दिल्लीबिहारराजनीतिवायरलसोशल मीडिया
राष्ट्रमंडल खेलों में गोल्ड मेडल विजेता श्रेयसी सिंह ने विधानसभा चुनाव में भी की जीत हासिल

राष्ट्रमंडल खेलों में गोल्ड मेडल विजेता एवं स्टार निशानेबाज श्रेयसी सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव में जमुई सीट पर भाजपा के टिकट पर जीत हासिल करते हुए दुश्मनों को भी हैरानी में डाल दिया है। बता दें कि, पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रही अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी श्रेयसी सिंह ने यह सीट वर्तमान राजद विधायक विजय प्रकाश से छीनी है।
मात्र 29 वर्षीय श्रेयसी सिंह ने इस सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी प्रकाश को 41 हजार से अधिक मतों से पराजित किया है। श्रेयसी को 79156 मत प्राप्त हुए जबकि प्रकाश को 38147 वोट प्राप्त हुए। गौरतलब है कि श्रेयसी सिंह का ताल्लुक राजनीतिक परिवार से है। उनके पिता दिवंगत दिग्विजय सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं बिहार के दिग्गज नेता थे। उनकी मां पुतुल देवी भी 2014 में सांसद रह चुकी हैं। दिग्विजय सिंह वी पी सिंह और चंद्रशेखर के नेतृत्व वाली सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे। वे अटल बिहारी वाजपेयी की राजग सरकार में रेल राज्य मंत्री थे।
#BiharElectionResults2020: जमुई विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार और नेशनल शूटर श्रेयसी सिंह (फाइल तस्वीर) जीतीं। pic.twitter.com/JnUGoROLAe
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 10, 2020
श्रेयसी सिंह का मानना है कि पलायन इस क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या है। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत का चेहरा बनकर बिहार के लोगों का आजीविका के लिए पलायन रोकने के लिए काम करना चाहती हैं, ताकि प्रदेश के लोग अपने परिवार के साथ यहीं गरिमामय जीवन जी सकें।
निशानेबाजी में दुनियाभर में नाम कमाने वाली श्रेयसी सिंह हाल ही में भाजपा में शामिल हुई थीं और पार्टी ने उन्हें जमुई से अपना प्रत्याशी घोषित किया था। जमुई सीट कई कारणों से हाईप्रोफाइल सीट के रूप में चर्चित रही है। इसमें एक कारण यह है कि शूटिंग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली श्रेयसी सिंह यहां से चुनाव लड़ रही हैं जो जमुई संसदीय क्षेत्र में आता है और जहां से लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान सांसद हैं। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से अलग हो गई है और उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार को गठबंधन का नेता मानने से इंकार कर दिया था।