Breaking NewsTop Newsउत्तर प्रदेशक्राइमदेशराजनीतिवायरलसोशल मीडिया
स्मृति ईरानी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में दलित महिला सरपंच के पति को जिंदा जलाया, तीन आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के अमेठी से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। अमेठी के एक गांव में एक दलित महिला प्रधान के पति को ज़िंदा जलाने का मामला सामने आया है। पीड़ित शख्स 90 फीसद जली हालत में गांव के ही एक ऊंची जाति के शख्स के घर के हाते में मिले, लेकिन अस्पताल जाते हुए उनकी मौत हो गई। महिला प्रधान ने गांव के ही पांच दबंग लोगों पर पति को जिंदा जलाने का आरोप लगाया है। महिला प्रधान की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
महिला प्रधान के पति की लाश के साथ स्थानीय पुलिस और गांव के लोग
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के चुनाव क्षेत्र अमेठी के बंदुहिया गांव की प्रधान छोटका के पति अर्जुन गुरुवार शाम करीब साढ़े छह बजे गांव के चौराहे पर चाय पीने गए थे। वहां से वो गायब हो गए। प्रधान छोटका का आरोप है कि गांव के कृष्ण कुमार तिवारी और उनके चार साथी उन्हें चौराहे से उठा ले गए और अपने घर के हाते में जिंदा जला दिया। उनका आरोप है कि कृष्ण कुमार उन्हें धन उगाही के लिए धमकी देते थे। उनका कहना था कि प्रधान के पास काफी सरकारी पैसा होता है। उन्हें उसमें से “कट” दिया जाए। उनका कहना है कि उनके पास ऐसा कोई पैसा नहीं है, जिसमें उन्हें हिस्सा दिया जाता। इसलिए रंजिश में उन्होंने उन्हें जल दिया।
थानाक्षेत्र मुंशीगंज के ग्राम बन्दोइया में प्रधानपति अर्जुन की कृष्ण कुमार के अहाते में अधजले/घायल अवस्था में मिलने व इलाज हेतु लखनऊ ले जाते समय मृत्यु की घटना व साक्ष्य संकलन कर अग्रिम विवेचनात्मक कार्यवाही के सम्बन्ध में #SP_अमेठी श्री दिनेश सिंह द्वारा दी गयी बाइट @Uppolice pic.twitter.com/SuqXoTleL3
— AMETHI POLICE (@amethipolice) October 30, 2020
अमेठी के एसपी दिनेश सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा,”पुलिस को कल रात करीब 12 बजे सूचना मिली कि प्रधान के 50 वर्षीय पति अर्जुन जली हालत में कृष्णा कुमार के अहाते में पड़े हैं। उन्हें फौरन लोकल पीएचसी में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया। वहां से उन्हें सुल्तानपुर ज़िला अस्पताल में रेफर किया गया। आज सुबह जब उन्हें वहां से बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गयी।”
अर्जुन के घर वालों ने जली हुई हालत में उनका बयान मोबाइल फ़ोन में रिकॉर्ड किया है, जिसमें वह गांव के ही पांच लोगों का नाम ले रहे हैं जिन्होंने उन्हें जलाया था। बयान में इन पांच लोगों- केके तिवारी, आशुतोष, राजेश, रवि और संतोष- के नाम लिए गए हैं। दलित महिला प्रधान के पति के घर वालों की तहरीर पर पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों से बात की है और मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस मामले में एफएसएल और सर्विलांस की टीम लगी हुई है और निष्पक्ष जांच होगी। अधिकारी ने दावा किया कि सभी आरोपी शीघ्र पकड़ लिए जाएंगे।