Breaking NewsTop Newsक्राइमदेशमध्य प्रदेशराजनीतिवायरलसोशल मीडिया

मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान के मंत्री ने कांग्रेस उम्मीदवार की पत्नी को कहा ‘रखैल’, विरोध शुरू

अक्सर चुनाव में प्रचार-प्रसार के दौरान नेताओं द्वारा मर्यादा लांघते हुए एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए जाते रहते हैं। मध्यप्रदेश में विधानसभा उपचुनाव के लिए चल रहे प्रचार अभियान के दौरान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंत्री बिसाहू लाल सिंह ने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार की पत्नी को ‘रखैल’ कह दिया। महिला सुरक्षा की बात कहते हुए कांग्रेस ने मंत्री बिसाहू लाल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस के मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष और प्रवक्ता सैयद जाफर ने बिसाहू लाल के एक बयान का वीडियो ट्वीट किया है। इस वीडियो में बिसाहू लाल सिंह अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार विश्वनाथ सिंह के नामांकन में दिए गए ब्यौरे पर टिप्पणी कर रहे हैं।

जिसमें मंत्री कह रहे हैं कि विश्वनाथ ने अपनी पहली पत्नी का नहीं, बल्कि रखैल का ब्यौरा दिया है। बता दें कि विश्वनाथ सिंह की पूर्व पत्नी का देहांत हो चुका था, जिसके बाद उन्होंने दूसरी शादी की थी। कांग्रेस प्रवक्ता सैयद जाफर ने ट्वीट कर इस पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि इसे कहते हैं महिला का अपमान। भाजपा के मंत्री बिसाहू लाल सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी की पत्नी को कहा रखैल, क्या महिलाओं के लिए ऐसे ही शब्दों का इस्तेमाल करती है भाजपा? मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तत्काल इस पर संज्ञान लेते हुए मंत्री को पद से हटाएं और प्रदेश की महिलाओं से माफी मांगें।

गौरतलब है कि बीजेपी उम्मीदवार बिसाहू लाल सिंह उन नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था और मध्यप्रदेश में कमल नाथ की सरकार गिराई थी। बिसाहू लाल अनूपपुर से विधानसभा उपचुनाव लड़ रहे हैं। अपने क्षेत्र के सबसे अमीर उम्मीदवार बिसाहू लाल हाल ही में एक वीडियो में नोट बांटते नजर आए थे। हालांकि उन्होंने इस वीडियो को पुराना बताया था।

चुनावी सभाओं में कल मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ डबरा से कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश राजे के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे थे, इस दौरान उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी इमरती देवी पर तंज कसते हुए अपने कार्यकर्ताओं से कहा था कि आप तो उन्हें मुझसे ज्यादा पहचानते हैं, आपको मुझे पहले ही सावधान कर देना चाहिए था, ये क्या आइटम है। पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी का काफी विरोध हुआ था।

Tags

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Close