Breaking NewsTop Newsक्राइमदेशपंजाबवायरलसोशल मीडिया

पंजाब में शौर्य चक्र से सम्मानित बलविंदर सिंह की गोली मारकर की हत्या, आतंकियों पर ही शक

पंजाब के तरनतारन में एक्टिविस्ट बलविंदर सिंह की हत्या कर दी गई। बलविंदर सिंह ने पंजाब में खालिस्तानी आतंकवाद के दौर में बहादुरी से आतंकियों का मुकाबला किया था। उन पर 42 बार आतंकियों ने हमला किया था। इसके चलते उन्हें परिवार समेत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया था। बता दें कि शौर्य चक्र शांति काल में दिया जाने वाला सर्वोच्च वीरता पदक है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे बलविंदर सिंह घर पर थे, तभी अचानक कुछ लोग उनके घर में घुस गए और गोलियां चलाना शुरू कर दीं। इससे बलविंदर की मौके पर ही मौत हो गई। बलविंदर का घर भिखीविंड कस्बे में है। मृत बलविंदर के भाई रणजीत सिंह ने संदेह जताया है कि इस हमले के पीछे आतंकी हो सकते हैं। पुलिस अधिकारी अभी इस बारे में कुछ भी नहीं बता रहे हैं। पुलिस पर ढिलाई बरतने का भी आरोप है। परिवार के मुताबिक, हमले की जानकारी दिए जाने के आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जबकि थाना घर के पास ही है।

बलविंदर सिंह की मौत के बाद परिजन विलाप करते हुए

बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले ही बलविंदर की सुरक्षा वापस ले ली गई थी। उन्होंने पंजाब सरकार के इस फैसले का विरोध किया था, क्योंकि उन पर पहले भी हमला हो चुका था। 2017 में कुछ अज्ञात हमलावरों ने उनके घर पर कई राउंड गोलियां चलाई थीं। इस हमले में बड़ी मुश्किल से उनका परिवार बच पाया था।

उल्लेखनीय है कि जब पंजाब में आतंकवाद अपनी चरम सीमा पर था, तो बलविंदर सिंह पर 42 बार आतंकी हमले हुए थे। हर बार बलविंदर ने आतंकियों से लोहा लिया था। उन्होंने कई आतंकियों को तब मार गिराया था। इसके बाद बलविंदर सिंह को 1993 में राष्ट्रपति शंकर दयाल शर्मा ने शौर्य चक्र से सम्मानित किया था। उनके साथ पत्नी जगदीप कौर, भाई रणजीत सिंह और भूपिंदर सिंह को भी शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया था। बलविंदर के जीवन पर दूरदर्शन पर प्रसारित ‘पंजाब एक यात्रा’ व अन्य कई टेलीफिल्म भी बनी थी। वे अपने घर के पास ही एक स्कूल चलाते थे।

बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले भी उन पर अज्ञात लोगों ने हमला किया था। घटना की जानकारी मिलने के बावजूद पुलिस आधा घंटा देर से पहुंची हालांकि घटना स्थान के पास ही पुलिस थाना भिखीविंड है। बाद में मौके पर डीएसपी राजबीर सिंह भी पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Tags

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Close