Breaking NewsTop Newsदेशनई दिल्लीबिहारराजनीतिवायरलसोशल मीडिया

पूर्व केंद्रीय मंत्री और लोकतांत्रिक जनता दल के प्रमुख नेता शरद यादव की बेटी कांग्रेस में हुईं शामिल, बिहार में लड़ सकती हैं चुनाव

बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच नेताओं द्वारा एक राजनीतिक दल से इस्तीफा देने और अन्य पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने का सिलसिला शुरू हो चुका है। आज बुधवार को लोकतांत्रिक जनता दल के प्रमुख शरद यादव की बेटी सुभाषिनी राज राव ने अपने पिता की राजनीतिक पार्टी में शामिल होने की बजाय कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के महासचिव काली प्रसाद पांडे भी कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। गौरतलब है कि काली प्रसाद पांडे पहले ही बिहार के कुचायकोट निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं, जबकि सुभाषिनी राव को आगामी बिहार विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी मैदान में उतार सकती है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव की बेटी सुभाषिनी राज राव कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करते हुए

इस सदस्यता समारोह में बिहार कांग्रेस के प्रमुख मदन मोहन झा ने दोनों का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में दोनों के शामिल होने की वजह से महागठबंधन राज्य में और मजबूत होगा। कांग्रेस प्रवक्ता खेड़ा ने कहा, ‘हमें गर्व है कि सुभाषिनी यादव कांग्रेस में शामिल हुई हैं। उनके पिता का भारत के संसदीय लोकतंत्र में बहुत बड़ा योगदान है।’ दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए, सुभाषिनी राव ने कहा कि उनके पिता शरद यादव अपनी बीमारी के कारण बिहार में चुनाव प्रचार में हिस्सा नहीं ले पा रहे हैं।

गौरतलब है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता शरद यादव अपनी लोकतांत्रिक जनता दल गठित करने से पहले जेडीयू में थे और उन्होंने पार्टी का अध्यक्ष रहने के साथ कई वर्षों तक राजग के संयोजक की भूमिका भी निभाई। वर्ष 2017 में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण शरद यादव को जेडीयू से निकाल दिया गया था। इसके बाद उन्होंने लोकतांत्रिक जनता दल का गठन किया। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में वह महागठबंधन का हिस्सा थे और इसी के बैनर तले मधेपुरा से चुनाव भी लड़ा था लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

जानकारी के मुताबिक, इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, राजद, सीपीआई, सीपीएम महागठबंधन का हिस्सा हैं। बिहार में कांग्रेस 70 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस पार्टी ने फिलहाल कुछ सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।

Tags

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Close