Breaking NewsTop Newsदेशनई दिल्लीबिहारराजनीतिवायरलसोशल मीडिया
बिहार के मंत्री और बीजेपी नेता विनोद सिंह थे कोरोना पॉजिटिव, अब ब्रेन हैमरेज से हुई मौत, पत्नी लड़ेंगी प्राणपुर से चुनाव

कोरोनाकाल के बीच बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दल जोर-जोर से तैयारियां कर रहे हैं। कुछ दिन पहले केंद्रीय मंत्री और बिहार की राजनीति में अहम भूमिका निभाने वाले रामविलास पासवान का निधन हो गया था। अब इस प्रचार के दौरान बिहार बीजेपी को एक बड़ा झटका लगा है। बता दें कि बिहार सरकार के अति पिछड़ा कल्याण मंत्री विनोद सिंह का निधन हो गया है। बता दें कि बिहार कैबिनेट में विनोद कुमार सिंह भाजपा के कोटे से मंत्री बने हुए थे। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कैबिनेट में अति पिछड़ा कल्याण मंत्री विनोद सिंह का दिल्ली के मेदांता अस्पताल में निधन हुआ है। कटिहार के प्राणपुर से विधायक विनोद सिंह को इलाज के लिए अगस्त के महीने में दिल्ली ले जाया गया था जहां ब्रेन हेमरेज के चलते उनका निधन हो गया है।
गौरतलब है कि बिहार के कैबिनेट मंत्री विनोद कुमार सिंह और उनकी पत्नी 28 जून को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। लेकिन कोरोना निगेटिव होने के बाद मंत्री विनोद सिंह को ब्रेन हेमरेज हो गया था। लंबे समय से बीमार चल रहे मंत्री विनोद सिंह की जगह इस बार विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उनकी पत्नी निशा सिंह को प्राणपुर से उम्मीदवार बनाया हुआ है।
बिहार के पूर्व मंत्री विनोद सिंह अपनी पत्नी निशा सिंह के साथ (फाइल फोटो)
बिहार सरकार के मंत्री विनोद सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व सीएम जीतन राम मांझी समेत कई नेताओं ने दुख जताया है। सीएम नीतीश ने कहा कि यह बिहार की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। वहीं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री मांझी ने कहा कि सामाजिक एवं राजनीति जगत को क्षति हुई है, वह एक कुशल वक्ता थे। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने मंत्री विनोद सिंह के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने विनोद सिंह के परिजनों के प्रति आत्मिक संवेदना व्यक्त करते हुए उनके तमाम शुभचिंतकों, समर्थकों को दुख की इस घड़ी में धैर्य व दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।