Breaking NewsTop Newsक्राइमदेशबिहारराजनीतिवायरलसोशल मीडिया

बिहार के DGP गुप्तेश्वर पांडेय ने दिया इस्तीफा, विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चा शुरू

मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद अपने बयानों को लेकर चर्चा में आए बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय एक बार फिर चर्चा में बने हुए हैं। इस बार वह अपने बयानों को लेकर नहीं बल्कि अपने एक चौंकाने वाले फैसले को लेकर चर्चा में आ गए हैं। बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गुप्तेश्वर पांडेय की स्वैच्छिक सेवानिवृति को बिहार सरकार ने मंजूरी दे दी है। बता दें कि सिविल डिफेंस एंड फायर सर्विसेज के डीजी संजीव कुमार सिंघल को अगले आदेश तक डीजीपी बिहार का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

अब उम्मीद जताई जा रही है कि बिहार के पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। बिहार विधानसभा चुनाव में मतदाता कयास लगा रहे हैं कि गुप्तेश्वर पांडेय
को बक्सर या भोजपुर से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का उम्मीदवार बनाया जा सकता है। बताया यह भी जा रहा है कि भाजपा और जदयू दोनों ही सत्ताधारी पार्टियों से गुप्तेश्वर पांडेय के बेहतर संबंध रहे हैं। गुप्तेश्वर पांडेय ने 2009 के लोकसभा चुनाव से पहले पुलिस सेवा से रिटायरमेंट के लिए अप्लाई किया था। वह बक्सर से चुनाव लड़ना चाहते थे। टिकट का भरोसा भी मिला था, लेकिन बाद में बात नहीं बनी। 9 माह बाद वह फिर से पुलिस सेवा में शामिल हो गए थे।

बता दें कि 1987 बैच के IPS ऑफिसर गुप्तेश्वर पांडेय को जनवरी 2019 में बिहार का डीजीपी बनाया गया था। उनका कार्यकाल 28 फरवरी 2021 तक था। किंतु उन्होंने कार्यकाल पूरा होने से पहले ही मंगलवार को वीआरएस लेने का फैसला लिया। जिसे प्रदेश सरकार ने मंजूर कर लिया है। राज्य के पुलिस महानिदेशक और अन्य पदों पर काम करते हुए गुप्तेश्वर पांडेय ने करीब 33 साल की सर्विस पूरी कर चुके हैं। उन्होंने बिहार के कई जिलों में एसपी के तौर पर जिम्मेदारी संभाली है।

Tags

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Close