Breaking NewsGamesLife StyleTop NewsWorldवायरलविदेशसोशल मीडिया
बिना ऑक्सीजन सिलेंडर के 10 बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने का रेकॉर्ड बनाने वाले नेपाल के पर्वतारोही अंग रीता शेरपा का हुआ निधन

विश्व की सबसे ऊंची पर्वत माउंट एवरेस्ट के शिखर पर ऑक्सीजन सिलेंडर के बिना ही 10 बार चढ़ने का गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाले नेपाल के प्रसिद्ध पर्वतारोही अंग रीता शेरपा का 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया। नेपाल के पर्वतारोहण संघ ने यह जानकारी दी। उनका निधन काठमांडू स्थित आवास पर हुआ। वह लीवर की खराबी सहित कई अन्य बीमारियों से पीड़ित थे।
प्रतीकात्मक तस्वीर
बता दें कि उनके चढ़ने के विशेष तरीके की वजह से उन्हें ‘स्नो लेपर्ड’ (हिम तेंदुआ) के नाम से जाना जाता था। नेपाल पर्वतारोहण संघ के सचिव टीकाराम गुरुंग ने कहा, ‘अंग रीता शेरपा एक महान पर्वतारोही थे जिन्होंने 1983 से 1996 के बीच 10 बार ऑक्सीजन सिलेंडर के बिना ही माउंट एवरेस्ट को फतह किया था। सोमवार को उनका निधन हो गया।’
विश्व प्रसिद्ध इस पर्वतारोही को प्रतिष्ठित ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रेकॉर्ड’ प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया था। उन्हें यह सम्मान ऑक्सीजन सिलेंडर के बिना 8,848 मीटर ऊंची माउंट एवरेस्ट पर सबसे ज्यादा बार (अब तक 10 बार) सफलतापूर्वक फतह करने के लिए दिया गया था। इसके अलावा दिसंबर 1987 में ठंड के मौसम में ऑक्सीजन सिलेंडर के बिना एवरेस्ट फतह करने वाले पहले व्यक्ति बनने पर भी उन्हें ‘गिनीज वर्ल्ड रेकॉर्ड’ से सम्मानित किया गया था।