Breaking NewsTop Newsदेशबिहारराजनीतिवायरलसोशल मीडिया
बिहार चुनाव से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने बिहार को दी कई बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जताया आभार

कोरोनाकाल के बीच बिहार विधानसभा चुनाव से पहले बिहार को सौगात मिलनी शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बिहार को करीब 14 हजार करोड़ रुपये की सौगात दी है। पीएम मोदी ने 9 हाइवे प्रोजेक्ट के साथ बिहार के करीब 46 हजार गांवों को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क से जोड़ने के लिए घर तक फाइबर योजना का उद्घाटन किया है। जानकारी के मुताबिक, बिहार की इन योजनाओं में 14,000 करोड़ रुपये की 9 राजमार्ग परियोजना और 45,945 गांवों को ऑप्टिकल फाइबर इंटरनेट सेवाओं से जोड़ने वाला ‘घर तक फाइबर’ कार्यक्रम शामिल है।
उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के लिए बिहार को बधाई देता हूं। यह बिहार के लिए बड़ा लेकिन आज का दिन भारत के लिए भी बड़ा दिन है। भारत को आत्मनिर्भर बनाने की शुरुआत बिहार से हो रही है। एक दिन में बिहार के 45 हजार गांवों को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ा जाएगा।
एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (फाइल फोटो)
कृषि बिल के मुद्दे पर पीएम मोदी ने कहा कि हमारे देश में अब तक उपज बिक्री की जो व्यवस्था चली आ रही थी, जो कानून थे, उसने किसानों के हाथ-पांव बांधे हुए थे। इन कानूनों की आड़ में देश में ऐसे ताकतवर गिरोह पैदा हो गए थे, जो किसानों की मजबूरी का फायदा उठा रहे थे। आखिर ये कब तक चलता रहता? नए कृषि सुधारों ने किसान को ये आजादी दी है कि वो किसी को भी, कहीं पर भी अपनी फसल अपनी शर्तों बेच सकता है। उसे अगर मंडी में ज्यादा लाभ मिलेगा, तो वहां अपनी फसल बेचेगा। मंडी के अलावा कहीं और से ज्यादा लाभ मिल रहा होगा, तो वहां बेचने पर भी मनाही नहीं होगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों को मिली इस आजादी के कई लाभ दिखाई देने शुरू हो गए हैं, क्योंकि इसका अध्यादेश कुछ महीने पहले निकला गया था। पीएम ने आश्वस्त किया है कि नई व्यवस्था से मंडिया बंद नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि अब देश अंदाजा लगा सकता है कि अचानक कुछ लोगों को जो दिक्कत होनी शुरू हुई है, वो क्यों हो रही है। कई जगह ये भी सवाल उठाया जा रहा है कि कृषि मंडियों का क्या होगा, बता दूं कि कृषि मंडियां कतई बंद नहीं होंगी। बिहार चुनाव के प्रचार प्रसार के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि मैं देश के प्रत्येक किसान को इस बात का भरोसा देता हूं कि MSP की व्यवस्था जैसे पहले चली आ रही थी, वैसे ही चलती रहेगी। इसी तरह हर सीजन में सरकारी खरीद के लिए जिस तरह अभियान चलाया जाता है, वो भी पहले की तरह चलते रहेंगे।
पीएम ने कहा है कि भारत के गांवों में इंटरनेट का इस्तेमाल करने वालों की संख्या शहरी लोगों से ज्यादा हो जाएगी, ये सोचना मुश्किल था। गांव के लोगों पर सवाल उठाए जाते थे। भारत डिजिटल लेनदेन के मामले में दुनिया में आगे हैं। डिजिटिल भारत ने देश के सामान्य जन की बहुत मदद की है। पीएम मोदी ने कहा कि इंटरनेट का इस्तेमाल बढ़ने के साथ-साथ अब ये भी जरूरी है कि देश के गांवों में अच्छी क्वालिटी, तेज रफ्तार वाला इंटरनेट भी हो। सरकार के प्रयासों की वजह से देश की करीब डेढ़ लाख पंचायतों तक ऑप्टिकल फाइबर पहले ही पहुंच चुका है। यही नहीं बीते 6 साल में देशभर में 3 लाख से अधिक कॉमन सर्विस सेंटर भी ऑनलाइन जोड़े गए हैं। अब यही कनेक्टिविटी देश के हर गांव तक पहुंचाने के लक्ष्य साथ देश आगे बढ़ रहा है। अब एक क्लिक में बच्चे दुनिया से जुड़ रहे हैं।
बता दें कि इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इन योजनाओं के लिए पीएम मोदी का आभार प्रकट किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कृषि बिल को लेकर कहा कि रविवार को राज्यसभा में जो हुआ वह गलत है। ये विधेयक किसानों के हित है। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में एपीएमसी एक्ट हटाते वक्त बिहार विधानमंडल में भी विपक्ष ने खुब हंगामा किया था। विपक्ष के लोग सदन छोड़कर भाग गए थे, लेकिन हम कानून लेकर आए। अब इस कानून को देश स्तर पर बनाया जा रहा है। गौरतलब है कि कल राज्यसभा में कृषि बिल पास करवाने के दौरान विपक्ष के राज्यसभा सदस्यों ने उपसभापति के सामने हंगामा खड़ा किया था जिसके परिणामस्वरूप आज सभापति एम० वैंकेया नायडू ने विपक्ष के 8 सांसदों को एक सप्ताह तक के लिए सदन से निलंबित कर दिया है।