Breaking NewsTop NewsWorldजम्मू-कश्मीरदेशनई दिल्लीराजनीतिवायरल
मनोज सिन्हा होंगे जम्मू-कश्मीर के नए उप राज्यपाल

बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा जम्मू-कश्मीर के नए उप-राज्यपाल होंगे। जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उप-राज्यपाल गिरीश चंद्र मूर्मू का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।कल बुधवार को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू ने अपना इस्तीफा राष्ट्रपति को भेज दिया था।
कहा जा रहा है कि मुर्मू नए नियंत्रक एवं महालेखाकार (कैग) बनाए जा सकते हैं। वे राजीव महर्षि की जगह लेंगे, जो कैग से इसी हफ्ते सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। मुर्मू ने अनुच्छेद 370 हटने की पहली वर्षगांठ पर अपना त्यागपत्र दिया है। 1985 बैच के आईएएस अफसर रहे मुर्मू गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री रहे नरेंद्र मोदी के प्रधान सचिव रह चुके हैं।
अपने प्रशंसकों में ‘विकास पुरुष’ कहे जाने वाले मनोज सिन्हा ने 2016 में संचार मंत्री के रूप में प्रभार ग्रहण किया था। भाजपा के तीन बार सांसद रहे सिन्हा पहली बार 1996 में लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। 1999 में वह दोबारा लोकसभा के सांसद बने थे। 2014 में वह तीसरी बार लोकसभा के लिए चुने गए। जाति से भूमिहार सिन्हा का नाम 2017 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए भी चर्चा में आया था। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 1982 में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष के रूप में की थी।