Breaking NewsTop Newsराजनीतिहरियाणा

हरियाणा में भाजपा सरकार के दौरान राज्य पर हुआ 1,85,548 करोड़ रुपये का कर्ज, आरटीआई से खुलासा

बेशक पिछले कुछ माह में भारत के प्रत्येक राज्य की आर्थिक स्थिति कोरोना वायरस के प्रभाव के कारण दयनीय बनी हुई है । किंतु पिछले छह साल में हरियाणा राज्य पर कर्ज 60 हजार करोड़ से बढ़कर लगभग एक लाख 85 हजार करोड़ हो चुका है। यह खुलासा हरियाणा की राजनीतिक पार्टी इनेलो के नेता व अधिवक्ता प्रमोद बागड़ी ने आरटीआई के तहत प्राप्त जानकारी के आधार पर किया है। उन्होंने वित्त विभाग के उप-निदेशक के पास आरटीआई के तहत आवेदन देकर हरियाणा सरकार के कर्ज की जानकारी मांगी थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरियाणा सरकार पर 03 अप्रैल 2020 तक 1,85,548 करोड़ रुपये का कर्जा हो चुका है। यह प्रोविजनल आंकड़ा है।

इनेलो नेता प्रमोद बागड़ी के अनुसार, प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की मनोहर लाल खट्टर सरकार आने से पहले 31 मार्च 2014 तक राज्य पर 60,293 करोड़ रुपये का कर्ज था। जिसे मौजूदा खट्टर सरकार ने छह वर्ष के कार्यकाल में विकास के नाम पर 1,85,548 करोड़ रुपये हरियाणा सरकार पर कर्ज चढ़ाने का काम किया है । अर्थात् मात्र 6 वर्ष की भाजपा सरकार ने हरियाणा राज्य पर तीन गुना ज्यादा कर्ज चढ़ा दिया है । मौजूदा सरकार में सडकों को बार- बार तोड़ कर दोबारा बनाने का फिजूल खर्चा किया जा रहा है। खट्टर सरकार में प्रदेश स्तर पर कोई बड़ा प्रोजेक्ट नहीं लगाया गया है, फिर भी आज हरियाणा राज्य को काफी कर्जे में नीचे लाकर खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर यह खर्च जनता को उठाना पड़े तो हरियाणा का प्रत्येक निवासी 62,000 रुपये देकर हरियाणा सरकार का कर्ज उतार सकता है।

वर्षवार बढ़ रहे कर्जे की सूची

———————–

तिथि                 राशि

——————-

31 मार्च 2000      8152

31 मार्च 2001      9276

31 मार्च 2002      11674

31 मार्च 2003      13391

31 मार्च 2004      15886

31 मार्च 2005      17347

31 मार्च 2006      19588

31 मार्च 2007      20486

31 मार्च 2008      20488

31 मार्च 2009      23085

31 मार्च 2010      28794

31 मार्च 2011      34666

31 मार्च 2012      41395

31 मार्च 2013      50657

31 मार्च 2014      60293

31 मार्च 2015      70931

31 मार्च 2016      101709

31 मार्च 2017      124603

31 मार्च 2018      139726

31 मार्च 2019      156807

3 अप्रैल 2020      185548

हरियाणा में दस साल कांग्रेस पार्टी की सरकार रहने के दौरान मुख्यमंत्री रहे भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी निशाना साधते हुए नेता बागड़ी ने कहा कि तत्कालीन सरकार के कार्यकाल के दौरान प्रदेश पर कर्ज में लगभग चौगुनी वृद्धि हुई थी और यह कर्ज 15,886 करोड़ से बढ़कर 60 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा हो गया था। कांग्रेस और भाजपा सरकार की खर्चीली और भेदभावपूर्ण नीतियों का विरोध करते हुए इनेलो नेता ने दावा किया कि ओमप्रकाश चौटाला ने अपने कार्यकाल में योजनाबद्ध तरीके से ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में विकास कार्य करवाए थे । नेता प्रमोद बागडी ने कहा कि इनेलो पार्टी का प्रदेश में लगातार जनाधार बढ रहा है और पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला व इनेलो के प्रधान महासचिव विधायक श्री अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में हरियाणा में इनेलो पार्टी की सरकार बनेगी और श्री अभय सिंह चौटाला मुख्यमंत्री बनेंगे।

Tags

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Close